रामकोला। दोस्ती का रिश्ता भरोसे पर टिका होता है। मुश्किल वक्त में दोस्त ही सहारा बनेगा, इसी विश्वास के साथ मनीष शर्मा अपने गांव के दोस्त सरवन साहनी को रोजगार के लिए परदेस बुलाया था। उसे उम्मीद थी कि दोनों साथ रहेंगे तो काम आसान होगा और अकेलेपन का एहसास भी नहीं होगा। लेकिन उसे क्या पता था कि जिस दोस्त को वह अपने साथ रखा वही कातिल बन जाएगा।
करीब 63,720 रुपये के लिए दोस्त की हत्या कर आरोपी गांव चला आया और धूम-धाम से दिवाली बनाई। उसके चेहरे पर हत्या करने का थोड़ा भी गम नहीं रहा।
जून महीने में रोजी-रोटी की तलाश में कर्नाटक के मंगलूरु पहुंचे मनीष ने अपने दोस्त को भी बेहतर काम दिलाने के लिए बुलाया था। दोनों एक ही कमरे में रहते थे। सरवन को जेसीबी चलाने का काम नहीं मिला तो भी मनीष ने उसे अपने से अलग नहीं किया। साथ रखा। पुलिस के अनुसार 27 अक्तूबर की रात सरवन ने मनीष की हत्या कमरे में कर शव को कुछ दूरी पर झाड़ी में छिपा दिया। इतना ही नहीं, उसके खाते से 63,720 रुपये भी दूसरे खाते में स्थानांतरित करा दिए। इसके बाद मोबाइल बंद कर गांव लौट आया। उधर, मनीष के घरवाले उसके फोन का इंतजार करते रहे। हर गुजरते दिन के साथ उनकी बेचैनी बढ़ती गई। गांव वालों के अनुसार आरोपी सरवन दिवाली का त्योहार उत्साह के साथ मनाया, वहीं मनीष से संपर्क टूटने से उसके परिजन उदास मन से दिवाली मनाए। आरोपी के चेहरे पर थोड़ा भी शिकन दोस्त की हत्या का नहीं रहा। पिता के कहने पर जब बड़े भाई सोनू शर्मा मनीष के लापता होने की कर्नाटक के पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
पुलिस की जांच में अज्ञात शव की पहचान सोनू ने किया और कर्नाटक में ही मनीष का अंतिम संस्कार किया। जिस भाई को वह सकुशल घर लाने की उम्मीद लेकर परदेस पहुंचा था, उसे वहीं मुखाग्नि देना पड़ा। गांव में लोग इस बात से स्तब्ध हैं कि जिस दोस्त को मनीष ने अपने पास बुलाकर सहारा दिया, उसी पर उसकी हत्या का आरोप है। दोस्ती के नाम पर मिले इस धोखे ने हर किसी को भीतर तक झकझोर दिया है।