पडरौना। जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए शुक्रवार को दो उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन पत्रों की जांच में इनके पर्चे वैध पाए गए।
इस तरह अध्यक्ष के लिए दो उम्मीदवारों में मुकाबला होना है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कलेक्ट्रेट स्थित डीएम न्यायालय में शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल करने की व्यवस्था थी।
सीडीओ केदारनाथ सिंह, एडीएम रामकेवल तिवारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत चुनाव, एएसपी लालसाहब यादव और सीओ की मौजूदगी में दिन के 11 बजे से तीन बजे के बीच दो उम्मीदवारों ने ही नामांकन पत्र दाखिल किया।
जिला पंचायत सदस्य हरीश राणा और विनय प्रकाश के नामांकन पत्राें की जांच तीन बजे के बाद शुरू हुई। इन दोनों के पर्चे वैध पाए गए।
हरीश राणा के नामांकन के दौरान सपा जिलाध्यक्ष रामअवध यादव भी मौजूद थे। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्याम नारायण प्रसाद ने बताया कि नामांकन पत्र जमा करने के बाद जिला पंचायत सदस्य रामायण प्रसाद पहुंचे थे, लेकिन वे दोनों प्रत्याशियों के जाति को लेकर आपत्ति दाखिल करना चाहते थे।
समय सीमा समाप्त होने के कारण आपत्ति नहीं ली गई। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रत्याशियाें की नाम वापसी चार तारीख को है।
सात जनवरी को दिन के 11 बजे से तीन बजे तक मतदान होगा और उसके बाद मतगणना होगी। सीडीओ केदारनाथ सिंह ने बताया कि कुल दो प्रत्याशियों ने ही जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए पर्चा दाखिल किया।
तीसरे प्रत्याशी भी आए थे, लेकिन उन्हाेंने नामांकन नहीं किया। सात तारीख को निर्धारित समय से मतदान शुरू करा दिया जाएगा। उन्हाेंने बताया कि निर्वाचन आयोग का निर्देश आने के बाद ब्लॉक प्रमुख का चुनाव कराया जाएगा।