क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड को सात विकेट से हराकर हरि सिंह क्रिकेट क्लब दिल्ली सेमीफाइनल में
अमर उजाला ब्यूरो
फाजिलनगर(कुशीनगर)। पावानगर इंटर कॉलेज फाजिलनगर में 15वें अखिल भारतीय शहीद मेजर अमिय त्रिपाठी क्रिकेट प्रतियोगिता के पुल बी का पहला मुकाबला हरि सिंह क्रिकेट क्लब दिल्ली ने सात विकेट से जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच गया। दिल्ली के खिलाड़ी फैजान आलम को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
बुधवार को हरि सिंह क्रिकेट क्लब दिल्ली और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के बीच मैच खेला गया। दिल्ली के कप्तान पुनीत तोमर ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी उत्तराखंड की टीम मात्र 70 रन पर सिमट गई। रवींद्र रावत ने नाबाद 28 रन और हेमंत रावत ने 14 रन का योगदान दिया। पांच खिलाड़ी तो बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। दिल्ली की तरफ से फैजान अहमद ने सात ओवर में 25 रन देकर चार विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम ने 10वें ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। दिल्ली की तरफ से अनुभव आहूजा ने नाबाद 29 रन और फैज अहमद ने नाबाद 28 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी। उत्तराखंड की तरफ से रवींद्र रावत ने दो विकेट तथा बादक चौधरी ने एक विकेट लिया। दिल्ली के फैजान आलम को मुख्य अतिथि अधिशासी अधिकारी कसया प्रेमशंकर गुप्ता ने मैन ऑफ मैच का पुरस्कार प्रदान किया।
इस दौरान आयोजन समिति के अध्यक्ष शत्रुमर्दन प्रताप शाही, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राजन शुक्ला, पूर्व ग्राम प्रधान प्रदीप सिंह, पूर्व छात्रनेता कृपा सिंह, कवींद्र सिंह, विनीत कुमार बंटी, आजाद अंसारी, मीडिया प्रभारी दिनेश सिंह, उदयभान सिंह, गुड्डू चौहान, सतेंद्र सिंह, मंजूर आलम, आनंद सिंह, कुंवर शाही, पिंटू राव, गुड्डु सिंह, खुर्शीद आलम, असरफ अंसारी, पंकज ओझा, दरोगा, नसीम अंसारी, आनंदेश्वर उपाध्याय, मनीष ओझा अनिल गुप्ता आदि मौजूद थे।