श्रीराम-हनुमान मिलन से लेकर बाली वध और लंका दहन तक के प्रसंगों ने बांधा समां
मल्लूडीह। कुड़वा धन्नीपट्टी स्थित ओंकारेश्वर महादेव मंदिर परिसर में जारी पांच दिवसीय रामायण मंचन के चौथे दिन सोमवार को हनुमान मिलन, बाली वध और लंका दहन के प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों ने मानवेंद्र त्रिपाठी के निर्देशन में रामकथा के प्रसंगों का सजीव मंचन किया। लंका दहन के दृश्य पर पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
मंचन की शुरुआत पंपापुर में श्रीराम और लक्ष्मण के पहुंचने के प्रसंग से हुई। सुग्रीव के कहने पर हनुमान जी साधु का वेश धारण कर दोनों भाइयों से मिले। इसके बाद श्रीराम और सुग्रीव की मित्रता हुई। सुग्रीव की पीड़ा सुनकर श्रीराम ने उन्हें न्याय दिलाने का वचन दिया। इसके बाद बाली का वध कर सुग्रीव को किष्किंधा का राजा बनाया।
इसके बाद माता सीता की खोज में लंका पहुंचे हनुमान जी की विभीषण से मुलाकात, अशोक वाटिका में माता सीता को श्रीराम की अंगूठी सौंपने और अक्षय कुमार वध के प्रसंगों का मंचन हुआ। रावण के दरबार में हनुमान जी की पूंछ में आग लगाने और सोने की लंका जलाने के दृश्य ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
इससे पूर्व पडरौना विधायक मनीष जायसवाल, रविंद्र सिंह, पूर्व चेयरमैन कृष्ण कुमार जायसवाल, संतोष सिंह और रामवचन मौर्य ने राम दरबार के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समापन रामायण आरती के साथ हुआ। इस दौरान डॉ. सीएस सिंह, कुंवर उपेंद्र प्रताप सिंह, शिवाकांत सिंह, अनिल राय, नागेंद्र मणि, वीरेंद्र सिंह, मनोज गुप्ता, विनय ठाकुर, अक्षय गुप्ता, कालिंदी मणि त्रिपाठी, सुधीर शाही और कामोद सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे।