हाटा। नगर के गांधी चौक पर दोपहर में गोरखपुर के सोनबरसा की एक महिला को उचक्कों ने ठगी का शिकार बना दिया। महिला के हाथ में खाली बैग पकड़ा कर उनके जेवर लेकर उचक्के फरार हो गए। महिला पूजा कार्यक्रम में शामिल होने मायके जा रही थी। महिला को जब ठगी की जानकारी हुई तो वह रोने लगी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस उचक्कों की तालाश कर रही है।
सोनबरसा की रहने वाली सरोज सिंह का मायका देवरिया जनपद के वकीलगंज में है। वह सोमवार को मायके में होने वाले पूजा में शामिल होने जा रही थी। हाटा पहुंची तो गांधी चौक के पास दो युवक आए उसको अपनी बातों में उलझाने लगे। झांसे में लेकर युवकों ने रुपये बताकर कागज की गड्डी थमा दी और उसके आभूषण व मंगलसूत्र लेकर फरार हो गए। युवकों के जाने के कुछ देर बाद महिला ने देखा तो कागज की गड्डी है। वह चिल्लाने लगी। आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई। अगल-बगल लगे सीसीटीवी को खंगालने पर पुलिस को कुछ फुटेज मिली है। उसके आधार पर पुलिस कार्रवाई में जुट गई है। इस संबंध में सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि सूचना मिली है। पुलिस उचक्कों की तलाश की जा रही है।