जौरा बाजार। श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में अतिथि भवन का निर्माण होगा। इस पर करीब दस लाख रुपये खर्च होंगे। भवन निर्माण के लिए शिलान्यास हो गया है। इसी सप्ताह निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा। अतिथि भवन बनने से मंदिर में रात के समय रुकने वाले श्रद्धालुओं को सहूलियत होगी।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शंभू बरनवाल ने बताया कि श्रीराम जानकी मंदिर में पूजा करने वाले श्रद्धालुओं का हर समय आना-जाना लगा रहता है। त्योहारों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है। इसके अलावा कन्या निरीक्षण, मुंडन संस्कार समेत अन्य धामिक आयोजन होते रहते हैं। मंदिर परिसर में मंदिर के अलावा कोई अन्य भवन नहीं होने से बारिश या अन्य खराब मौसम में मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ती है। उनकी इस समस्या को देखते हुए मंदिर परिसर में 30 फीट लंबी और 24 फीट चौड़ी धर्मशाला का निर्माण कराया जाएगा।