छात्रसंघ चुनाव कराने के लिए क्रमिक अनशन शुरू
फाजिलनगर। एसबीएम पीजी कॉलेज फाजिलनगर में छात्रसंघ चुनाव कराने सहित नौ मांगों के लिए छात्रों का चल रहा धरना सोमवार को क्रमिक अनशन में बदल गया। नौ सितंबर से छात्र नेता कॉलेज परिसर में धरना-प्रदर्शन कर रहे थे।
इस बीच उनकी महाविद्यालय प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में प्राचार्य से कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन छात्रनेता चुनाव की तिथि घोषित करने की मांग पर अड़े रहे। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने का हवाला देते हुए छात्र नेताओं से धरना समाप्त करने की अपील प्राचार्य कर चुके हैं।
सोमवार को धरना-प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे छात्र नेताओं ने कहा कि जब तक मांग नहीं पूरी होगी, तब तक वे शांत नहीं रहेंगे। इसके बाद छात्र नेताओं ने धरने में क्रमिक अनशन की घोषणा कर दी। क्रमिक अनशन की जानकारी होने पर प्राचार्य डॉ. आरपी शाही पहुंचे।
उन्होंने छात्र नेताओं से बात करके उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन देते हुए मामले को खत्म करने के लिए कहा, लेकिन जिद पर अड़े छात्र नेता नहीं मानें। इस दौरान बलराम जायसवाल, शौर्य प्रताप सिंह, सलमान हुसैन, शिवांक बर्नवाल, मनीष सिह, कुलदीप यादव, करन शर्मा, सूरज चौरसिया आदि छात्र मौजूद रहे।