बृहस्पतिवार को बरवा रतनपुर गांव में बसपा कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। इसमें आए वक्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार को विकास विरोधी बताया। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में बसपा के शासनकाल में जितना विकास कार्य हुआ था, उसका आधा भी सपा के शासनकाल में नहीं हुआ।
मुख्य अतिथि पूर्व सांसद घनश्याम चंद खरवार ने कहा कि नोटबंदी की वजह से किसान, मजदूर और व्यापारियों समेत सभी लोग परेशान हैं। कई घरों में शादी रुक गई है। कानपुर के पास हुए रेल हादसे के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि केवल घोषणाओं से ही काम चलाया जा रहा है।
विशिष्ट अतिथि जावेद इकबाल ने कहा कि सपा सरकार में माफिया सरेआम सड़क पर घूम रहे हैं। अपनी नाकामी छिपाने के लिए राजनैतिक ड्रामेबाजी हो रही है।
सम्मेलन को बंटी राव, विजय प्रताप कुशवाहा समेत कई अन्य नेताओं ने संबोधित किया। संचालन सुवाष गौतम ने किया। इस दौरान आनंद दूबे, प्रह्लाद तिवारी, इकबाल अहमद उर्फ मिस्टर खान, रामधनी प्रधान, गोरख चौहान, डॉक्टर गया कुशवाहा, परमेश्वर कुशवाहा, डॉ. मजीद अंसारी, छट्ठू प्रसाद निराला, मुस्तकीम अंसारी, रामप्रीत भारती, शम्भू गौतम, युनूस अंसारी, सत्येंद्र वर्मा सहित तमाम लोग मौजूद थे।