संवाद न्यूज़ एजेंसी
मथौली। मथौली स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय फार्मासिस्ट के भरोसे चल रहा है। यहां तैनात चिकित्सक कभी-कभी ही आते हैं। पड़ताल की गई तो तैनात चिकित्सक दो दिन के अवकाश पर थे। वह इस समय लखनऊ में आयोजित विभागीय बैठक में शामिल होने गए हैं।
नगर पंचायत मथौली स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में सोमवार की दोपहर 12.10 बजे अस्पताल में तैनात फार्मासिस्ट प्रमोद कुमार सिंह मरीज देख रहे थे। यहां तैनात वार्ड ब्वाय कमला सिंह मरीजों में दवा वितरण कर रहे थे। फार्मासिस्ट ने बताया कि अस्पताल में हर दिन करीब 70 मरीज आते हैं। अब तक 20 मरीजों का इलाज हो चुका है। यहां इलाज कराने आने वाली कस्बा की अनीता जायसवाल, आबिद हुसैन, घिनहुआ के दीनदयाल यादव व पवन कुशवाहा और लक्ष्मीपुर की संगीता देवी देवी ने बताया कि सुबह से डॉक्टर का इंतजार कर रहे हैं। वे नहीं आए हैं, तो फार्मासिस्ट से इलाज करा कराए हैं। इन लोगों ने बताया कि यहां डॉक्टर कभी कभार ही आते हैं। उनके कमरे में ताला बंद रहता है। इस संबंध में आयुष जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम भरोसे गुप्ता ने बताया कि मथौली में तैनात डॉ. रणधीर यादव दो दिन की छुट्टी पर हैं। वे लखनऊ आयोजित विभागीय बैठक में गए हैं।