फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी में ट्रिपल मर्डर: 'पिता को भी तड़पाकर मारना चाहता था मैं', नाबालिग कातिल बेटे का चौंकाने वाला कबूलनामा

Wed, 24 Jun 2026 04:22 PM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर

सार

गोखपुर में ट्रिपल मर्डर को अंजाम देने वाले नाबालिग आरोपी ने पुलिस से कहा कि मैं पिता को भी तड़पाकर मारना चाहता था। वह अफसर बनना चाहता था लेकिन पिता ने बीच में ही पढ़ाई छुड़वा दी। पढ़ने का समय नहीं मिलता था इसलिए 10वीं में फेल हो गया। 
विज्ञापन
Gorakhpur triple murder - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गोरखपुर के बांसगांव नगर पंचायत के वार्ड नंबर सात में बड़े भाई, भाभी और भतीजे की हत्या के आरोपी बाल अपचारी को पुलिस ने सोमवार को किशोर न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को अपने किए पर पछतावा नहीं है।
विज्ञापन


पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि वह पिता हरिलाल गुप्ता को भी तड़पाकर मारना चाहता था। आरोपी ने बताया कि वह अफसर बनना चाहता था लेकिन पिता ने बीच में ही पढ़ाई छुड़वा दी। पढ़ने का समय नहीं मिलता था इसलिए 10वीं में फेल हो गया। 

इसके बाद घरवाले ताना मारने लगे। रोज-रोज बेइज्जत करने लगे। इसके बाद पिता को तड़पाकर मारने का मन करता था। 21 जून की रात सगे भाई ने अपने ही भाई, भाभी और दुनिया से अनजान अपने भतीजे की गंडासा से काटकर हत्या कर दी थी। 
विज्ञापन

आरोपी ने नौ वर्षीय भतीजी ज्योति के मुंह पर कपड़ा बांधकर छोड़ दिया था। ज्योति ने बताया कि रात में उसे मम्मी, पापा और भाई की बहुत याद आ रही थी और रोना भी आ रहा था। पूरी रात ठीक से सो नहीं पाई। जब भी अकेली होती है, अपने परिवार की याद आने लगती है। 

 

मम्मी-पापा का सपना था कि वह डॉक्टर बने। जब वे उसे पढ़ने के लिए कहते थे, तो बोलते थे- बेटा! डॉक्टर बनकर अपने पापा का नाम रोशन करना। अब उससे यह सब कौन कहेगा। ज्योति की यह दर्दभरी बात सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

72 घंटे में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही पुलिस
एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि बाल अपचारी को किशोर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। अब पुलिस 72 घंटे के अंदर चार्जशीट दाखिल करने में जुटी है। मामले में सभी पहलुओं के तथ्य जुटाए जा रहे हैं।

बड़े भाई, भाभी और मासूम भतीजे की धारदार हथियार से हत्या
गोरखपुर के बांसगांव नगर पंचायत के वार्ड नंबर सात में रविवार की रात ढाई बजे एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई। आरोप है कि 17 वर्षीय छोटे भाई ने पारिवारिक विवाद के चलते बड़े भाई, भाभी और चार वर्षीय भतीजे की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।

सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. कौस्तुभ, एसपी साउथ दिनेश पुरी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। मृतकों की पहचान अमित गुप्ता (37), उनकी पत्नी रंजना गुप्ता (35) और चार वर्षीय पुत्र रेयांश गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी बाल अपचारी के पास से घटना में प्रयुक्त रॉड और गंडासा भी बरामद कर लिया है।

एसपी साउथ ने बताया कि रविवार देर रात करीब तीन बजे एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या की सूचना प्राप्त हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अमित गुप्ता पत्नी, बेटी और बेटे के साथ कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान उनके 17 वर्षीय छोटे भाई ने धारदार हथियार से हमला कर अमित, उनकी पत्नी और बेटे की हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
विज्ञापन

उन्होंने बताया कि आरोपी बाल अपचारी से पूछताछ जारी है। उसने अपना जुर्म कबूल लिया है। अमित गुप्ता के पिता हरिलाल गुप्ता की तहरीर पर बांसगांव थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पारिवारिक विवाद सामने आई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें