जटहां बाजार। नेहरू स्पोर्टिंग क्लब मंसाछापर की ओर से पूर्व प्रधानाचार्य अनिरुद्ध शुक्ल की स्मृति में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन मंगलवार को पहला सेमीफाइनल मैच गोरखपुर व पडरौना के बीच खेला गया। इसमें पडरौना की टीम को गोरखपुर ने 2-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
मंगलवार की दोपहर बाद से नेहरू इंटर कॉलेज मंसाछापर के खेल मैदान में पंडित अनिरूद्घ शुक्ल की स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मैच का उद्घाटन भाजपा नेता आशुतोष श्रीवास्तव ने फीता काटकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
पहले हाफ में ही गोरखपुर की टीम का दबदबा रहा। गोरखपुर ने मध्यांतर के पूर्व ही दो गोल मारकर बढ़त बना लिया। दूसरे हॉफ में पडरौना की तरफ से एक गोल मारकर खेल वापसी किया गया, लेकिन समय समाप्त होते ही रेफरी की वीसिल ने गोरखपुर की टीम को विजयी करार दिया। गोरखपुर की टीम 2-1 से मैच जीतकर फाइनल में पहुंच गई। निर्णायक प्रभात मिश्र रहे, जबकि उद्घोषक राकेश श्रीवास्तव रहे।
इस मौके पर आयोजक दिनेश चौधरी, प्रधानाचार्य सिद्धार्थ कुशवाहा, ग्राम प्रधान राजीव मिश्र, संदीप मिश्र, प्रधान अतहर हुसैन, आलोक चौबे, बृजेश शर्मा, प्रभु कुशवाहा आदि लोग मौजूद रहे।