सीताराम चौराहा। संजय क्लब की तरफ से आयोजित 48वीं संजय कप आल इंडिया फुटबाल प्रतियोगिता का मंगलवार को फाइनल मुकाबला खेला गया। खिलाड़ियों के जबरदस्त प्रदर्शन के चलते निर्धारित समय व अतिरिक्त समय में भी दोनों टीम गोल नहीं कर सकीं, जिसके बाद खिताब का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ, जिसमें सनराइज क्लब गोपालगंज बिहार ने मेजबान संजय स्पोर्टिंग क्लब बरवाराजापाकड़ को 5-4 से पराजित कर विजेता घोषित हुआ।
मैच के दौरान दोनों टीमों ने अनुशासित व आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन मजबूत रक्षापंक्ति के चलते कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। पेनाल्टी शूटआउट में गोपालगंज के खिलाड़ियों ने बेहतर संयम दिखाते हुए जीत सुनिश्चित की। संजय स्पोर्टिंग क्लब के सरताज को शानदार खेल के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में निरंतर प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले गोपालगंज के कमरुल होदा को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला।
अंत में मुख्य अतिथि सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मोहम्मद इलियास अंसारी ने विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। फाइनल मुकाबले में रेफरी की भूमिका खुर्शेद आलम ने निभाई, जबकि लाइन मैन ज्ञानप्रकाश व प्रभात मिश्र रहे। उद्घोषणा प्रिंस शुक्ल, महमूद अंसारी व सोनू कुमार ने की। आयोजन समिति के अध्यक्ष व प्रधान प्रतिनिधि मुन्नीलाल प्रसाद ने सभी अतिथियों के प्रति आभार जताया।