तमकुहीराज। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के तरया-सिसवा नाहर मार्ग स्थित कोइंदी बुजुर्ग चौराहे पर किराने की दुकान में चाेरी हो गई। चोरों ने साप्ताहिक बंदी का फायदा उठाते हुए शनिवार की रात करीब 50 हजार रुपये का सामान उड़ा दिया। दुकानदार को इसकी जानकारी रविवार सुबह हुई। घटनास्थल से कस्बा स्थित पुलिस चौकी की दूरी महज एक किलोमीटर है और पुलिस नियमित गश्त का दावा करती है।
तमकुहीराज थाना क्षेत्र के कोइंदी बुजुर्ग निवासी धुरी चौहान के पुत्र जयप्रकाश चौहान गांव के चौराहे पर किराने की दुकान चलाते हैं। शनिवार को साप्ताहिक बंदी थी। इसका फायदा उठाते हुए चोर रात में दुकान में घुसे और करीब 50 हजार रुपये का सामान उठा ले गए। चोरों की गतिविधियां सीसीटीवी में कैद हैं। रविवार की सुबह जब जयप्रकाश दुकान खोलने पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज को देखा तो दो लोग दुकान के अंदर नजर आ रहे हैं। उन्होंने पुलिस को सूचना देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, लोगों में चर्चा है कि दुकान से कस्बा स्थित पुलिस चौकी की दूरी महज एक किलोमीटर है और पुलिस नियमित गश्त का दावा करती है। लेकिन चोरों ने साप्ताहिक बंदी का फायदा उठाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया है। इससे पुलिस की गश्त को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इंस्पेक्टर तमकुहीराज अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीमें सक्रिय हैं। शीघ्र ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।