कसया/मल्लूडीह। नगरपालिका कुशीनगर के वार्ड नंबर दो मां कोटेश्वरी नगर प्रेमवलिया में शनिवार की रात अज्ञात कारणों से जनरल स्टोर में आग लग गई। दुकान में रखा फ्रिज सहित हजारों रुपये का सामान नष्ट हो गया। पड़ोसियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। वार्ड निवासी राजेंद्र गुप्त की नहर के समीप जनरल स्टोर एवं किराने की दुकान है। शनिवार रात करीब 10 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए।
देर रात दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने उन्हें सूचना दी। वह मौके पर पहुंचे तो दुकान के अंदर रखा सामान धू-धू कर जल रहा था। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
तब तक दुकान में रखा फ्रिज, किराना सामग्री व अन्य सामान नष्ट हो चुका था। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। संवाद