चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान। स्रोत-सोशल मीडिया
मंसाछापर। जटहा बाजार थाना क्षेत्र के कटाई भरपुरवा गांव में शनिवार की आधी रात चोरों ने छह घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यह घटना कटाई भरपुरवा पुलिस चौकी से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई। चोर लाखों का सामान, नकदी और पांच मोबाइल लेकर फरार हो गए, जबकि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रात में ही मौके की जांच पड़ताल किया।
व्यापारी टोला निवासी धुपन प्रसाद के घर में चोर पीछे से घुसकर 25 हजार नकद, आभूषण और मोबाइल ले गए। बगल में नरेश के घर से भी नकदी व आभूषण चोरी कर लिए। इसी क्रम में रामआशीष के घर से ढाई हजार नकद और आभूषण, जबकि बैजनाथ प्रसाद के घर से 35 हजार नकद, मोबाइल और जेवरात गायब कर दिए। बैजनाथ ने पेटी खटखटाने की आवाज सुनी तो पीछे जाकर देखा कि ईंट हटा हुआ था। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने अपने-अपने घर देखे तो चार घरों में चोरी की पुष्टि हुई।
ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की तो सौ मीटर दूर केला और गन्ने के खेत में कुछ कपड़े व पेटियां बिखरी मिलीं। इसके बाद चोर बेलवनिया टोला पहुंचे और सागर यादव के घर का मेन गेट तोड़कर पांच पेटियों सहित लाखों का सामान व पांच मोबाइल लेकर चले गए। रात 12:30 बजे सागर यादव का बेटा सुमंत जागा तो चोरी का पता चला। ग्रामीणों के शोर मचाने के बाद करीब 200 मीटर दूर गन्ने के खेत में चार खाली पेटियां और एक पेटी बांध के पास पाई गईं।
सूचना मिलने पर जटहा पुलिस मौके पर आई और जांच शुरू की। रविवार को पीड़ित रामआशीष गौतम और सागर यादव ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस चौकी पास होने के बावजूद इतनी बड़ी घटना को रोकने में नाकाम रहना पुलिस की लापरवाही और निष्क्रियता को दर्शाता है। एसओ आलोक यादव ने कहा कि चोरी की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर जांच की है, जो मोबाइल चोरी हुआ है, उसका लोकेशन ट्रेस कर जांच कराई जा रही है।