तमकुहीरोड। गोंडा-बुढ़वल के बीच तीसरी लाइन बिछाने के कार्य को लेकर कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग पर नियमित रात में छपरा कचहरी से गोमतीनगर जाने वाली 15114 एक्सप्रेस ट्रेन 30 जून से चार जुलाई तक तो सुबह में गोमतीनगर से छपरा कचहरी तक चलने वाली 15113 एक्सप्रेस ट्रेन पहली जुलाई से पांच जुलाई तक निरस्त रहेगी। लोगों का कहना है कि इस रूट की सर्वाधिक उपयोगी ट्रेन के निरस्त होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ जाएगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के गोण्डा-बुढ़वल के बीच तीसरी लाइन के निर्माण को लेकर गोंडा कचहरी-मैजापुर-करनैलगंज स्टेशनों के बीच 30 जून से पांच जुलाई के बीच प्री-नॉन इंटरलॉकिंग-नॉन इंटरलॉकिंग कार्य कराया जाना है। इसे लेकर रूट के कई ट्रेनों का शार्ट टर्मिनेशन किया गया है। इसमें कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग पर नियमित चलने वाली गोमतीनगर-छपरा कचहरी एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन भी प्रभावित होगा। छपरा कचहरी से रोज शाम को गोमतीनगर के लिए चलने वाली 15114 छपरा कचहरी-गोमतीनगर एक्सप्रेस ट्रेन 30 जून से चार जुलाई तक के लिए तो गोमतीनगर से छपरा कचहरी के लिए रोज रात में चलने वाली 15113 गोमतीनगर-छपरा कचहरी एक्सप्रेस ट्रेन एक जुलाई से पांच जुलाई के बीच निरस्त रहेगी। क्षेत्र के रामजी कसेरा, अभिषेक शुक्ल, राहुल सोनी, राकेश मद्धेशिया, धनेश यादव का कहना है कि रेल प्रशासन की ओर से कराए जा रहे विकास कार्य यात्री हित में जरूरी है। लेकिन, गोमतीनगर एक्सप्रेस ट्रेन इस रूट की यह सर्वाधिक उपयोगी ट्रेन है, जिससे नियमित सैकड़ों की संख्या में यात्री यात्रा करते हैं। इसके निरस्त रहने से यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी।