तमकुहीरोड। कप्तानगंज-थावे रेल मार्ग पर नियमित संचालित गोमतीनगर-छपरा कचहरी एक्सप्रेस ट्रेन का सोमवार को संचालन शुरू हो गया। यह ट्रेन गोरखपुर-गोंडा रेल खंड के डोमिनगढ़-जगतबेला के बीच आटोमेटिक सिग्नलिंग और इंटरलॉकिंग कार्य के चलते दो सप्ताह से निरस्त थी।
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के गोरखपुर-गोंडा रेलखंड स्थित डोमिनगढ़-जगतबेला के बीच आटोमेटिक सिग्नलिंग कार्य व कुसुम्ही-गोरखपुर कैंट-गोरखपुर के बीच तीसरी रेललाइन के परिप्रेक्ष्य में नान इंटरलॉकिंग का कार्य पूरा हो गया। इसको लेकर कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग पर नियमित चलने वाली 15113 /15114 गोमतीनगर-छपरा कचहरी एक्सप्रेस ट्रेन भी 13 से 27 अक्तूबर तक निरस्त कर दी गई थी। इस अवधि में पहले से बुक सभी आरक्षित टिकटों को भी निरस्त कर दिया गया था। सोमवार से इस ट्रेन का संचालन पुन: शुरू कर दिया गया है। क्षेत्र के लव जायसवाल, राहुल सोनी, दिवाकर दत्त, रामजी कसेरा आदि लोगों ने कहा कि ट्रेन का संचालन शुरू होने से क्षेत्र के के यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। दीपावली व छठ पूजा पर लखनऊ से घर आने वाले लोगों को सहूलियत मिलेगी।