स्वर्ण कारोबारी की बाइक चोरी, डिक्की में थे गहने
कसया में हुई घटना, मुकदमा दर्ज करके पुलिस कर रही जांच
कसया। थाना क्षेत्र के नगर पालिका परिषद वार्ड नंबर तीन, संत गाडगे नगर (बाजार रोड सपहा) से स्वर्ण कारोबारी की बाइक चोरी हो गई। बाइक की डिक्की में सोने और चांदी के करीब दो लाख 75 हजार कीमत के गहने थे। बृहस्पतिवार शाम हुई घटना की सूचना पर पुलिस छानबीन में जुटी है।
सपहा चौराहे के मेन रोड पर मुरारी वर्मा की सोने-चांदी की दुकान है। बृहस्पतिवार शाम बाइक की डिक्की में 35 ग्राम सोने और दो किलो चांदी के गहने रखकर उन्होंने बाइक दुकान के बगल में खड़ी कर दी। इस बीच दुकान पर वह कोई काम निपटाने लगे। तभी उनकी बाइक चोर उठा ले गए। बाद में जब उन्होंने घर जाने के लिए बाइक की तलाश की तो परेशान हो गए। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। मुरारी के अगल-बगल के दुकानदारों का कहना है कि जीएसटी अधिकारियों के छापेमारी की सूचना मिलने की अफरा-तफरी के बीच बाइक चोरी हुई है। इस संबंध में एसएचओ कसया आशुतोष तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके छानबीन की जा रही है।