पडरौना। जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं को डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, एयर होस्टेस और ब्यूटीशियन जैसे प्रोफेशनल कोर्स की जानकारी दी जाएगी। शिक्षा विभाग ने इसकी तैयारी तेज कर दी है। शासन के निर्देश पर छात्राओं को हाईस्कूल व इंटर में कॅरिअर व प्रोफेशनल कोर्स कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्राओं को आवासीय शिक्षा देने के लिए कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं।
जिले में 14 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में करीब 1400 बालिकाएं पढ़ रही हैं। बालिका शिक्षा को बेहतर और सुदृढ़ करने के लिए शासन की ओर से तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। अब शासन के निर्देश पर इन छात्राओं को हाईस्कूल व इंटर की अर्हता वाले कॅरिअर व प्रोफेशनल कोर्स और इसके लिए कहां से अच्छी तैयारी की जा सकती है, इस बारे में जानकारी दी जाएगी।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, छात्राओं को 50 से अधिक ट्रेड के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे इंटरमीडिएट परीक्षा पास करने के बाद वे रुचि के अनुसार अपना कॅरिअर बना सकेंगी। इतना ही नहीं, दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से छात्राओं को कॅरिअर बनाने के लिए शार्ट टर्म सर्टिफिकेट कोर्स भी कराया जाएगा। साथ ही विभिन्न माध्यमों से छात्राओं को बेहतर कॅरिअर तलाशने में मदद की जाएगी।
बीएसए डॉ. रामजियावन मौर्या ने बताया कि सभी केजीबीवी विद्यालयों में जल्द ही यह प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। केजीबीवी की छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में कॅरिअर से जुड़ी जानकारी देने वाले पंफलेट उपलब्ध रहेंगे। इनमें ट्रेड, उससे जुड़े कोर्स, फीस, छात्रवृत्ति और औसत वेतन के बारे में जानकारी रहेगी। पंफलेट को कॉमन रूम और नोटिस बोर्ड पर चस्पा किया जाएगा। इसके साथ ही छात्राओं के लिए कॅरियर काउंसिलिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे।