पडरौना। क्षेत्र के सुखपुरा गांव के पास मुख्य पश्चिमी बड़ी गंडक नहर में रविवार को एक युवती का शव उतराया मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पडरौना कोतवाली क्षेत्र के सुखपुरा गांव पास गंडक नहर में गांव के कुछ बच्चे स्नान कर रहे थे। उसी दौरान नहर में रेगुलेटर के पास पानी में उतराया युवती का शव देख बच्चे शोर मचाने लगे। वहां जुटे लोगों में से किसी ने पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद पहुंचे सिधुआ बाजार चौकी प्रभारी धीरेंद्र कुमार राय, कांस्टेबल उमेश यादव विवेक कुमार, हरिराम यादव ने गांव के लोगों की सहयोग से शव को पानी से बाहर निकलवाया। काफी देर तक पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में कोतवाल सुशील शुक्ल ने बताया कि सुखपुरा गांव के पास गंडक नहर में करीब 35 वर्षीय एक युवती का शव मिला है। शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पंचनामा भरवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।