- पडरौना कोतवाली क्षेत्र के सुखपुरा और परसौनी कला के बीच हुई दुर्घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कोतवाली क्षेत्र के सुखपुरा और परसौनी कला गांव के बीच सड़क पार करते समय 12 वर्ष की एक बालिका डंपर की चपेट में आ गई। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। चालक डंपर छोड़कर भाग निकला। इसके बाद वहां चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। देर शाम पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया।
पडरौना कोतवाली क्षेत्र के ही जंगल बनबीरपुर गांव के कटनवार टोला की निवासी संतोष प्रसाद की 12 वर्षीय अनुराधा गांव की सहेलियों के साथ परसौनी कला गांव के निकट रेलवे फाटक और सुखपुरा गांव स्थित रेगुलेटर के बीच मुख्य पश्चिमी गंडक नहर पर मंगलवार को दोपहर में मुख्य पश्चिमी गंडक नहर की पटरी से सटे लगी मूंज छीलने के लिए आई थी। मूंज लेकर अनुराधा घर लौट रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे डंपर की चपेट में आ गई। अनुराधा की मौके पर ही मौत हो गई।
पडरौना के कोतवाल राजप्रकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। बालिका की मां गुड्डी देवी की तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर लिया गया। उन्होंने बताया कि देर शाम चालक भी गिरफ्तार कर लिया गया।