खड्डा। युवती ने फंदे से लटक कर शुक्रवार को खुदकुशी कर ली। घर वालों के शोर पर गांव वालों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती की खुदकुशी की वजह प्रेम प्रसंग बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस अभी कुछ कहने से इंकार कर रही है। लेकिन गांव में दबी जुबान इसकी चर्चा है।।
बताया जाता है कि खड्डा थाना क्षेत्र के भेड़ी जंगल गांव निवासी 20 वर्षीय सरयम का गांव के सजातीय युवक के साथ प्रेम संबंध था। दोनों एक दूसरे के काफी नजदीक थे और दोनों शादी करना चाहते थे। दोनों के घर वाले भी इसके लिए राजी हो गए थे। बृहस्पतिवार की रात में मोबाइल पर बातचीत के दौरान युवक और युवती के बीच किसी बात को लेकर मतभेद हो गया। गुस्से में आकर युवती ने मोबाइल बंद कर लिया और कमरे में छत के कुंडे में दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। शुक्रवार को सुबह घर वाले जब उसके कमरे में जगाने के लिए पहुंचे तो उसका शव फंदे से लटक रहा था। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। सूत्रों की माने तो घटना के बाद युवक घर छोड़कर फरार हैं। सीओ उमेश चंद भट्ट ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह मालूम होगी। प्रेम प्रसंग में खुदकुशी की बात गांव वाले बता रहे हैं। पुलिस इसकी जांच कर रही है, हालांकि घर वालों ने कोई शिकायत नहीं की है।