गीता पब्लिक स्कूल की सौम्या बनीं टॉपर
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना।सीबीएसई बोर्ड की 12वीं का परिणाम जिले के लिए उत्साहजनक रहा है। बारहवीं की परीक्षा में 93 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता पाई है। अधिकांश विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। जिला मुख्यालय स्थित गीता इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की छात्रा सौम्या श्रेया ने 94 प्रतिशत अंक के साथ जिले में सर्वोच्च स्थान हासिल किया है।
पीजी सीनियर सेकेंड्री स्कूल कप्तानगंज के छात्र आशुतोष गुप्ता 91 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे नंबर पर हैं। जिले में 15 विद्यालयों को सीबीएसई बोर्ड से मान्यता मिली है। इसमें से जवाहर नवोदय विद्यालय मिल्की रसूलपुर, गीता इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल रविंद्रनगर, पीजी सीनियर सेकेंड्री कप्तानगंज और नवजीवन मिशन स्कूल कसया को इंटर तक की मान्यता है। इस वर्ष कुल 505 बच्चे इंटर में पंजीकृत थे जिनमें से 496 ने परीक्षा दी थी। स्कूल संचालकों के अनुसार जिले में 93 प्रतिशत बच्चे उत्तीर्ण हुए हैं। गीता इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल रविंद्रनगर की छात्रा सौम्या श्रेया ने 94 प्रतिशत अंक के साथ जिले में प्रथम स्थान पाया है। दूसरे स्थान पर पीजी सीनियर सेकेंड्री स्कूल कप्तानगंज के आशुतोष गुप्ता ने 91 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया है। इनके अलावा 90.4 प्रतिशत अंक के साथ जवाहर नवोदय विद्यालय मिल्की रसूलपुर की छात्रा अंकुर कुमारी कुशवाहा ने तीसरा स्थान हासिल किया है। स्कूल संचालकों के अनुसार इस बार का रिजल्ट पिछली बार से तीन प्रतिशत अधिक है तथा लड़कियों की सफलता का प्रतिशत लड़कों से अधिक है।