संतकबीरनगर। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है। एसओ दुधारा अरविंद कुमार शर्मा की अगुवाई में पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रिया कलाप निवारण अधिनियम थाना कोतवाली खलीलाबाद से संबंधित वांछित 25 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर सौरभ शर्मा निवासी खैरा, थाना हवेली खड़गपुर, जनपद मुंगेर, बिहार को क्षेत्र के सालेहपुर तिराहा से शनिवार को गिरफ्तार किया है।
उक्त आरोपी के खिलाफ वर्ष 2024 में गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वह तभी से फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसपी की तरफ से 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। प्रतियोगी परीक्षा में पेपर लीक कराने के मामले में कोतवाली खलीलाबाद में उक्त आरोपी व संजय कुमार निवासी भरपुरवा पड़रिया के खिलाफ प्राथमिकी वर्ष 2024 में दर्ज हुआ था।
इसके बाद दोनों के खिलाफ उचित माध्यम से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद संबंधित मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।