कुशीनगर। पशु तस्करी गिरोह के सरगना और गैंगस्टर में वांछित बिहार के गोपालगंज निवासी प्रेम तिवारी को शुक्रवार दोपहर तमकुहीराज पुलिस ने लतवा बाजार से गिरफ्तार कर लिया।
देर शाम उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। प्रेम के खिलाफ तमकुहीराज व कप्तानगंज थाने में चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसे काफी समय से तलाश कर रही थी। इंस्पेक्टर तमकुहीराज सुनील कुमार वर्मा ने बताया गोपालगंज जिले उचका गांव थाना क्षेत्र के नवादा परसौना निवासी प्रेम तिवारी के खिलाफ तमकुहीराज थाने में पशु तस्करी व आर्म्स एक्ट में केस दर्ज हैं। इसके अलावे कप्तानगंज थाने में भी पशु तस्करी का मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार, प्रेम पशु तस्करी व अन्य अनैतिक कार्यों में बड़े पैमाने पर लिप्त है।
उसका एक संगठित गैंग है जो इस धंधे में सक्रिय है और इससे बड़े पैमाने पर संपत्ति अर्जित की है। उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हुई है।