फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: गंडक खतरे के निशान से 56 सेमी ऊपर, तटबंधों पर दबाव बढ़ा

Mon, 30 Sep 2024 03:56 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
कुशीनगर। नेपाल की पहाड़ियों पर मूसलधार बारिश से कुशीनगर जिले में 65 किमी बहने वाली बड़ी गंडक नदी उफान पर है। शनिवार को वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से 6.74 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किए जाने के कारण खड्डा के आधा दर्जन गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। गांवों में बाढ़ का पानी घुस जाने से तकरीबन 30 हजार की आबादी दुश्वारियां झेलने को मजबूर हैं।
विज्ञापन

रविवार की सुबह से डिस्चार्ज में कमी दर्ज की जा रही है। बावजूद इसके, नदी भैंसहा गेज पर खतरे के निशान से 56 सेमी ऊपर बह रही है। गांवों में पानी भरा है। लोग छोटी नाव से आने-जाने को मजबूर हैं। वहीं, जलस्तर स्थिर होने से तटबंधों पर गंडक का दबाव बढ़ गया है। खासकर तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के एपी तटबंध के संवेदनशील बिंदुओं पर नदी का दबाव देखने को मिल रहा है। ठोकर व बांध से नदी की धारा सीधे टकरा रही है। इसको लेकर तटबंध के किनारे बसे गांवों के लोग चिंतित नजर आ रहे हैं। गांव वालों का कहना है कि अप स्ट्रीम में तो कटान का खतरा नहीं है, लेकिन डाउन स्ट्रीम में नदी के आने के बाद कटान शुरू हो जाएगा।
इस साल के मानसून सत्र में सर्वाधिक 6.74 लाख क्यूसेक पानी वाल्मीकि नगर गंडक बैराज से गंडक नदी में डिस्चार्ज किया गया है। इससे उफनाई गंडक नदी का पानी खड्डा रेताक्षेत्र के शाहपुर, मरिचहवा, बसंतपुर, शिवपुर, महदेवा, हरिहरपुर आदि गांवों में पहुंच गया। गांवों में बाढ़ का पानी घुस जाने से लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। लोग अपने सामान के साथ ऊंचे स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं। घरों में रखा अनाज आदि जरूरत का सामान भीगकर खराब हो चुका है। रविवार को डिस्चार्ज में कमी होने लगी। इससे नदी का जलस्तर मौजूदा समय में स्थिर हो गया है।
विज्ञापन

भैंसहा गेज पर जलस्तर खतरे के निशान 96 मीटर के सापेक्ष 96.56 यानि 56 सेमी ऊपर है। वहीं, दूसरी ओर तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के बरवापट्टी, लक्ष्मीपुर व खैरटिया गांव के सामने ही नदी का दबाव बढ़ गया है। सेवरही क्षेत्र के नरवाजोत से लगायत अहिरौलीदान तक नदी पूरे उफान पर है। एपी तटबंध के अधिकांश ठोकरों व बांध से नदी टकराने लगी है, जो तटबंधों व ठोकरों की सुरक्षा के लिए ठीक नहीं है। सबसे खराब स्थिति विरवट कोन्हवलिया में ठोकर नंबर चार (कट एंड टू बांध) की है, जहां पहले भी नदी कहर बरपा चुकी है। सैकड़ों फसल को निगलने के बाद नदी का तेवर अगस्त में शांत हो गया था। लेकिन, इस बार अत्यधिक मात्रा में पात्री छोड़े जाने के कारण एक बार फिर नदी रौद्र रूप में वापस लौट आई है।
0
प्रशासनिक अफसरों ने विरवट कोन्हवलिया का लिया जायजा
तमकुहीरोड। खतरे को देखते हुए तमकुहीराज तहसील प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। नदी के उफान पर आने की जानकारी के बाद पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू, एसडीएम विकास चंद्र, तहसीलदार चंदन शर्मा विरवट कोन्हवलिया पहुंचे। यहां सर्वाधिक संवेदनशील ठोकर नंबर चार पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की बात कही गई। गांव के प्रधान प्रतिनिधि आनंद कुमार सिंह, सिंघलदीप सिंह, पारसनाथ सिंह, बबलू प्रसाद, सहदेव चौहान, मुन्ना सिंह आदि का कहना है कि यदि समय रहते संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो कभी भी स्थिति भयावह हो सकती है। हालांकि, बाढ़ खंड के एसडीओ रमेश यादव, जेई चंद्रप्रकाश, रमेशधर दुबे, सुनील कुमार यादव, विनोद शर्मा, रामचंद्र प्रसाद तटबंधों की निगरानी कर रहे हैं। रविवार को जेसीबी लगाकर बंधों के किनारों की साफ-सफाई कराने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
बाढ़ पीड़ितों के लिए कम्यूनिटी किचन शुरू
डीएम विशाल भारद्वाज ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों के लिए कम्यूनिटी किचन शुरू करा दिया गया है। गांव में पानी भरने के चलते बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। राजस्व टीम और एसडीएम को बाढ़ प्रभावित गांवों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है। एसपी के साथ मैं खुद बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया, जो भी दिक्कतें हैं उसे दूर करने के लिए मातहतों को निर्देश दिया गया है। आपदा विभाग की ओर से भोजन का पैकेट पहुंचाया जा रहा है। पूरे दिन बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में ही मैं था। कही से कोई कमी बाढ़ पीड़ितों को नहीं होने दिया जाएगा। स्वास्थ्य टीम को भी अलर्ट कर दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें