जिला अस्पताल के सामने से एसडीएम ने हटवाया अतिक्रमण
कान्हा पशु आश्रय में कराई जा रही सफाई, दीवार की हुई रंगाई
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर सरकारी महकमों में खलबली मच गई है। सीएम का रुख किस विभाग के दफ्तर या किस गांव की तरफ हो जाए, इसे लेकर मंथन जोरों पर है। इंसेफेलाइटिस रोगियों का हाल जानने के लिए कहीं वह जिला अस्पताल की तरफ न चले जाएं, इसलिए अस्पताल के बाहर गुमटी-खोमचे रखकर किए गए अतिक्रमण को एसडीएम सदर ने पुलिसफोर्स की मौजूदगी में हटवाया। हर विभाग अपनी-अपनी तैयारी में जुट गया है।
सीएम योगी आदित्यनाथ का पांच जुलाई को जनपद में आगमन होने की संभावना जताई जा रही है। इसे लेकर पंचायतीराज विभाग ने बुधवार को जनपद मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट, विकास भवन, जिला अस्पताल सहित अन्य सरकारी भवनों के आस-पास सफाई कर्मचारियों को लगाकर सफाई कराई गई। एसडीएम सदर रामकेश यादव सीओ सदर नितेश प्रताप सिंह, कोतवाल मिथिलेश कुमार राय और पुलिसफोर्स के साथ दोपहर में संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचे। वहां सफाई कर्मचारियों को लगाकर अस्पताल के बाहर दुकानों और खोमचों को हटवाया। इसके बाद अस्पताल परिसर में झाड़ियों और कूड़े-कचरे की सफाई कराई।
डीएम डॉ. अनिल कुमार सिंह ने सीडीओ रामसूरत पांडेय और एडीएम विंध्यवासिनी राय की मौजूदगी में जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट में बैठक कर मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए व्यवस्था चाक-चौबंद रखने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि सीएम यहां मंडलीय समीक्षा बैठक के लिए आने वाले हैं। इसलिए कोई इंतजाम में कोई कोर-कसर नहीं होना चाहिए।
कसया प्रतिनिधि के अनुसार नगरपालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड नंबर-27 पंडित दीनदयाल नगर में एक एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में संचालित कान्हा पशु आश्रय में भी बुधवार को सफाई कराई गई। इसकी चाहरदीवारी की रंगाई-पुताई कराई गई। कान्हा पशु आश्रय जाने वाले रास्ते की सफाई कर्मचारी लगाकर सफाई कराई गई। यहां तैनात आठ कर्मचारी पशुओं को नहलाने, चारा, गोशाला और नाद आदि की सफाई में लगे रहे। मौजूदा समय पर यहां 28 बछड़े व चार गायें हैं, जिनकी देखभाल बेहतर ढंग से की जाने लगी है। निगरानी के लिए दो चौकीदार भी तैनात कर दिए गए हैं। ईओ प्रेमशंकर गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारियां चल रही हैं। कान्हा पशु आश्रय के अलावा पूरे नगर की साफ-सफाई पर ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए संबंधित जिम्मेदारों को तत्पर रहने को कहा गया है।