वाल्मीकि समाज के लोगों में हुआ फल-मिठाई का वितरण
खड्डा। वाल्मीकि जयंती एवं सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर एसडीएम ने वाल्मीकि समाज के लोगों में फल और मिठाई का वितरण किया। महिलाओं से उनके बच्चों को शिक्षित करने का प्रण लिया।
खड्डा के एसडीएम अरविंद कुमार शनिवार को तहसीलदार डॉ. एसके राय और नायब तहसीलदार रवि यादव के साथ हनुमानगंज थाना क्षेत्र के बोधी छपरा गांव में पहुंचे। उन्होंने वाल्मीकि समाज के लोगों के साथ महर्षि वाल्मीकि व सरदार पटेल की जयंती मनाई। उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इसके बाद कोरोना महामारी से बचाव के लिए उन लोगों से सफाई पर जोर देने को कहा। इसके बाद चीनी मिल परिसर व रेलवे स्टेशन रोड पहुंचे तथा इस समाज के लोगों में फल और मिठाई वितरित की। इन लोगों ने आवासीय व कृषि भूमि नहीं होने की अपनी पीड़ा बताई। इसके बाद एसडीएम ने शीघ्र ही उपलब्धता के आधार पर आवासीय व कृषि पट्टा देने का आश्वासन देते हुए तहसीलदार को निर्देशित किया।
इस दौरान चीनी मिल के उप गन्ना प्रबंधक सुधीर कुमार, सभासद रोहित चौहान, संतोष तिवारी, नत्थू शर्मा, संजय पांडेय, समशुद्दीन अंसारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।