पडरौना। कोतवाली पुलिस ने एटीएम कार्ड (डेबिट कार्ड) बदलकर रकम उड़ाने वाले बिहार के एक गिरोह के चार गुर्गों पर बृहस्पतिवार को कार्रवाई की।
जिले में यह पहली घटना नहीं जब ठगों ने डेबिट कार्ड (एटीएम) बदलकर रकम उड़ाई हाे। बल्कि लंबे समय से बिहार और पूर्वांचल के देवरिया, गोरखपुर के इलाकों से आकर जिले के तुर्कपट्टी, पटहेरवा, सेवरही के विभिन्न एटीएम मशीनों के पास सक्रिय रहकर जालसाजों ने लोगों से ठगी के खेल को अंजाम दिया है। इसमें शातिर पास हो जा रहे हैं, जबकि लोग धोखा खाकर फेल हो रहे हैं। महिलाओं का विश्वास जीतकर उनके पैसे उड़ा दिए गए।
रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मैसेज आने के बाद लोगों को जानकारी हुई। बृहस्पतिवार को पुलिस के हत्थे चढ़ा गैंग बिहार का था।इसके अलावा देवरिया, गोरखपुर के जालसाजों ने भी एटीएम कार्ड बदलकर पैसे उड़ाने के लिए समय-समय पर दांव खेला है और सफल भी हुए हैं।
हाल ही में 25 दिसंबर को पटहेरवा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसने पटहेरिया में एचडीएफसी बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गए युवक के साथ एटीएम कार्ड में फेविक्विक लगाकर 25 हजार रुपये निकाल लिए थे। इसके अलावा तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत जोकवा में भी ऐसी घटना सामने आई थी। अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के गांव बैरिया निवासी महिला के बैंक खाते से उचक्के ने 40 हजार रुपये उड़ा दिए थे। इन घटनाओं में एक चीज कॉमन थी वह यह कि जालसाजों का उद्देश्य।
लेकिन, तरीके हर बार व्यक्ति और परिस्थितियों के अनुसार अलग-अलग थे। कम पढ़े लिखे लोगों और महिलाओं को झांसा देखकर जालसाजों ने कभी एटीएम में फेविक्विक लगाकर फर्जी टेक्नीशियन से बात कराकर ठगी की तो कभी एटीएम के बाहर परेशान महिलाओं को सहारे का दिलासा देकर पहले विश्वास जीत और फिर डेबिट कार्ड लेकर पैसे उड़ा लिए। रुपये निकलने की जानकारी हुई तो वह दौड़कर एटीएम मशीन के पास पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।ु