मंसाछापर। जटहा बाजार थाना क्षेत्र के हिरनही गांव में समूह के नाम पर धोखाधड़ी कर विभिन्न बैंकों से आठ महिलाओं के नाम 30 लाख रुपये निकाल कर फरार पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। महिलाओं का आरोप है कि रुपये मांगने पर युवक व उसके परिजनों ने उनके साथ विवाद भी किया था।
हिरनही गांव निवासी रमावती देवी ने तहरीर देकर बताया कि गांव की प्रमिला देवी, खदेरनी, तैरुन, सबिना, बसिरुन, उर्मिला, देवंती व अंगीरा समेत आठ महिलाओं का एक समूह है। गांव निवासी सरोज आलम ने ऋण दिलाने के नाम पर भारत बैंक, एलएनटी बैंक, उत्कर्ष बैंक व बंधन बैंक में खाता खोलवाया और पासबुक तथा एटीएम कार्ड अपने पास रख लिया। ऋण लेने के लिए बैंक में आवश्यक दस्तावेज पर हस्ताक्षर करा लिया। आरोप है कि सरोज आलम महिलाओं के नाम से 30 लाख रुपये निकाल घर से फरार हो गया। रुपये मांगने जब उसके दरवाजे पर सभी महिलाएं पहुंचीं तो उसके पिता, भाई व घर के अन्य लोग मारने-पीटने पर उतारु हो गये। आरोपी काफी दिनों से पत्नी और बच्चों को लेकर कहीं फरार हो गया है। पीड़ित महिलाएं लगातार उसके दरवाजे पर जाती रही, लेकिन कहीं उसका पता नहीं चल सका। आरोपी के परिवार के लोग विवाद करने पर आमादा हैं। महिलाओं की तहरीर पर पुलिस ने शुक्रवार की रात आरोपी सरोज आलम, उसके पिता हकीम मियां और भाई सद्दाम के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि पिता, पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनकी तलाश की जा रही है।