अहिरौली बाजार। क्षेत्र के पिपरा गांव में बृहस्पतिवार शाम शादी समारोह में टेंट लगाते समय बड़ा हादसा हो गया। गांव के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से चार युवक झुलस गए। परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए। उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पिपरा गांव के बड़ा टोला बिचउपुर निवासी रोहित (25), रंजीत निषाद (18), किशन (17) और अभिषेक (17) गांव में गोविंद की बहन की शादी में टेंट लगाने का काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि शाम करीब साढ़े चार बजे चारों युवक लोहे का पाइप लेकर जा रहे थे। इसी दौरान पाइप गांव के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गई। करंट लगते ही चारों युवक चीखने लगे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों की मदद से परिजन घायलों को इलाज के लिए अहिरौली बाजार के एक निजी अस्पताल ले गए। ग्राम प्रधान अरविंद कुमार यादव ने बताया कि गांव के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटाने की मांग कई बार विभाग से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उनका कहना है कि यदि समय रहते लाइन नहीं हटाई गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। सुकरौली बिजली उपकेंद्र के एसडीओ ऋषभ श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। हाईटेंशन लाइन बदलने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।