गंगुआ बाजार। तमकुहीराज कस्बा स्थित फोरलेन पर रविवार की सुबह घने कोहरे एवं धुंध के कारण बिहार की तरफ जा रहे चार ट्रक आपस में टकरा गए। हालांकि इस दुर्घटना में कोई हताहत नही हुआ, लेकिन इस दुर्घटना के बाद करीब आधे घंटे तक फोरलेन पर जाम की स्थिति बनी रही। बाद में पहुंचे एनएचएआई के कर्मियों एवं कस्बा पुलिस ने जाम समाप्त कर आवागमन बहाल कराया।
रविवार को घने कोहरे एवं धुंध के कारण फोरलेन के रास्ते आवागमन करने वाले लोगों को काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण तमकुहीराज कस्बा स्थित अस्थाई क्रॉसिंग के पास एक ट्रक को पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी। देखते ही देखते चार ट्रक आपस में टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हालांकि धुंध के कारण ट्रकों की गति धीमी थी। इसके चलते ट्रक का अगला हिस्सा ही क्षतिग्रस्त हुआ। चालक एवं सहचालक को कोई चोट नहीं आई। संयोग अच्छा था कि इस दुर्घटना में कोई राहगीर ट्रकों के चपेट में नहीं आया।
दुर्घटना के कारण फोरलेन पर लगभग आधे घंटे तक जाम की समस्या उत्पन्न हो गई, जिससे दो पहिया और चार पहिया वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। सूचना पर आई कस्बा चौकी पुलिस एवं एनएचएआई के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद फोरलेन से जाम खुलवाकर आवागमन बहाल कराया।