जोकवा बाजार। हाईवे स्थित बघौचघाट मोड़ पर दो बाइकों की बुधवार को आमने सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार चार लोग घायल हो गए जबकि दूसरा चालक बाइक लेकर मौके से भाग गया। मौके पर जुटे आसपास के लोग सभी घायलों को फाजिलनगर सीएचसी ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिहार के कटेया थाना क्षेत्र के रहने वाले कृष्णा (19), प्रदीप (25) अशोक (23) व गोपाल (15) एक ही बाइक से सवार होकर जा रहे थे, इसी बीच फाजिलनगर के बघौचघाट मोड़ पर सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। जिसमें कृष्णा, प्रदीप, अशोक और गोपाल घायल हो गए। बाइकों में टक्कर होते ही चारों बाइक सवार सड़क पर गिर गए। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने आनन-फानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चालकों ने हेलमेट नहीं पहना था।