नामांकन पत्र दाखिल करते सपा प्रत्याशी अजय प्रताप सिंह उर्फ पिंटू।
पडरौना। सपा प्रत्याशी अजय प्रताप समेत चार प्रत्याशियों ने शुक्रवार को नामांकन किया। पूरे दिन कलक्ट्रेट में गहमा-गहमी का माहौल रहा। अभी तक आठ प्रत्याशी नामांकन कर चुके हैं। मेन रोड से कलक्ट्रेट गेट तक एसडीएम, सीओ और पुलिसकर्मी तैनात रहे। प्रत्याशी और प्रस्तावकों के अलावा किसी की इंट्री नामांकन स्थल तक जाने को नहीं मिली। आजाद चौक के पास जुटी भीड़ को पुलिस ने खदेड़ा।
उदित नारायण इंटर कॉलेज से दिन में करीब 12:30 बजे सपा प्रत्याशी अजय प्रताप का काफिला नामांकन के लिए निकला। पार्टी कार्यालय पर कुछ देर रुकने के बाद कलक्ट्रेट के लिए रवाना हुआ। डीआईओएस कार्यालय के पास बैरियर पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने काफिले को रोक दिया। बावजूद इसके कार्यकर्ता विकास भवन गेट तक पहुंच गए और आजाद चौक के पास एकत्रित हो गए। प्रत्याशी और प्रस्तावकों के अंदर जाने के बाद पुलिस ने समर्थकों को खदेड़ दिया।
अजय प्रताप ने दो सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके अलावा भारतीय लोकनायक पार्टी से सुनील कुमार शुक्ल ने एक सेट में, आजाद अधिकार सेना से हरिकेश ने दो सेट में तथा निर्दल प्रत्याशी रामचंद्र सिंह ने एक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। अब तक आठ प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। वहीं छह उम्मीदवारों ने आठ सेट में नामांकन पत्र लिया। इसको लेकर पूरे दिन कलक्ट्रेट में प्रशासन चौकन्ना रहा।