फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: कसया से बेलवनिया तक बनेगी फोरलेन सड़क, बिहार की राह होगी आसान

Fri, 20 Feb 2026 01:50 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
कसया से बेलवनिया तक फोरलेन निर्माण में पड़ने वाले किसानों की जमीन।संवाद
विज्ञापन
पडरौना। बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर से अब बिहार पश्चिमी चंपारण तक पहुंचना बेहद आसान होने वाला है। अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट मार्ग से बेलवनिया तक फोरलेन बनने से पश्चिमी चंपारण का रास्ता सुगम हो जाएगा। यह सड़क न केवल कसया व पडरौना में लगने वाले जाम से निजात दिलाएगी, बल्कि बुद्ध की निर्वाण स्थली व बिहार के बीच मजबूत सेतु का काम करेगी। सुगम परिवहन और बेहतर कनेक्टिविटी के साथ यह परियोजना कुशीनगर की सूरत बदलने वाली साबित होगी। इससे पश्चिमी चंपारण जाने वाले यात्रियों के लिए सफर का समय कम होगा और क्षेत्रीय व्यापार आदि को बढ़ावा मिलेगा।
विज्ञापन

कार्यदायी संस्था एनएच पीडब्ल्यूडी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग- 727 स्थित बौद्ध कालीन हिरण्यवती नदी के किनारे से फोरलेन का निर्माण कार्य शुरू होगा,जो एयरपोर्ट मार्ग से होकर वार्ड नंबर 12 वीर अब्दुल हमीद नगर (भलुही मदारी पट्टी) से होते हुए बैरिया चौराहे के आगे कसया-पडरौना मार्ग में बाईपास निर्माण के साथ जुड़ेगा। इसकी दूरी करीब 4.2 किमी. है। इस दूरी के बीच फोरलेन निर्माण में पड़ने वाली किसानों की भूमि भी अधिग्रहीत की जानी है। इसके बाद जिला मुख्यालय रवींद्रनगर सरस्वती चौक से पहले दमवतिया गांव के आसपास 11.5 किमी लंबी बाईपास फोरलेन निर्माणाधीन जेल के बगल से गुजरेगी। करीब 46 किमी लंबी सह सड़क खांव खड्डा तक जाएगी।
यहां भी बाईपास फोरलेन में पड़ने वाले किसानों की भूमि अधिग्रहीत की जाएगी। हालांकि, अभी भूमि अधिग्रहण के लिए कोई गजट नहीं हुआ है। लेकिन कार्यदायी संस्था ने जगह-जगह सीमेंट के खंभे लगाकर भूमि का चिह्नीकरण की है। विभाग के जिम्मेदारों का कहना है कि इस परियोजना की स्वीकृति मिल चुकी है। निर्माण कार्य शुरू कराने से पहले सभी प्रक्रियाओं को पूरा किया जा रहा है। उम्मीद है कि अगले एक महीने में महत्वपूर्ण कागजी कार्रवाई पूरी हो जाएगी। इस परियोजना पर करीब 1500 करोड़ रुपये खर्च होगा। इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है।
विज्ञापन

एनएचपीडब्ल्यूडी गोरखपुर के जेई अवधेश प्रसाद ने बताया कि कसया से बेलविनया तक फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। इस परियोजना की स्वीकृति मिल चुकी है। निर्माण शुरू कराने से पहले जरूरी प्रक्रियाओं को पूरा किया जा रहा है। चूंकि इसमें जमीन अधिग्रहण, बिजली पोल-तार, पुल व आरओबी आदि बनाए जाने हैं। इसलिए सभी बिंदुओं को देखते हुए और उन विभागों से समन्वय स्थापित कर बाधाओं को दूर किया जा रहा है।
0
किसानों ने कहा:-
जमीन का अधिग्रहण उचित और वर्तमान बाजार दर पर होना चाहिए। हमें विकास से परहेज नहीं है, लेकिन सरकार को यह समझना होगा कि जमीन हमारी मां है और आजीविका का एकमात्र साधन। हमें बाजार दर से चार गुना मुआवजा मिलना चाहिए, ताकि हम कहीं और खेती लायक जमीन खरीद सकें। -गोरखनाथ चतुर्वेदी, भलुही मदारी पट्टी
0
फोरलेन बनने से इलाके की तरक्की तो होगी, लेकिन भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए। मुआवजे की धनराशि में कोई बिचौलिए न सामने आएं,इसका पुख्ता इंतजाम होना चाहिए,ताकि कोई परेशानी न हो। -रामअधार गुप्ता, वार्ड नंबर-12, वीर अब्दुल हमीदनगर
0
तीन तहसीलों के लोगों से ली जाएगी जमीन
कसया बेलवनिया फोरलेन निर्माण की जद में जिले की तीन तहसीलों के काश्तकारों से जमीन ली जाएगी। इनमें कसया, पडरौना और खड्डा तहसील शामिल हैं। एनएच पीडब्ल्यूडी के मुताबिक, इन तीनों तहसीलों के करीब 1500 किसानों से जमीन अधिग्रहीत की जाएगी। फोरलेन में पड़ने वाले जमीन अधिग्रहण को लेकर किसानों में भी सुगबुगाहट तेज हो गई है।
0
मुख्य पश्चिमी गंडक नहर पर पुल व आरओबी बनेगा
फोरलेन निर्माण में पडरौना शहर से गुजर रही मुख्य पश्चिमी गंडक नहर पर पुल और एक रेल रूट पर एक आरओबी भी बनाया जाएगा। इसके अलावा पड़ने वाले नदी, नाले व छोटे रजवाहों आदि पर भी छोटे पुलों का निर्माण कराया जाएगा।
0
जमीन अधिग्रहण के लिए गजट शीघ्र
पीडब्ल्यूडीएनएच का कहना है कि इस फोरलेन निर्माण की जद में आने वाली जमीन के अधिग्रहण कराए जाने करीब एक महीने में गजट जारी हो सकता है। गजट जारी होने के बाद जमीन सरकार की हो जाएगी। इसके लिए विभाग की तरफ से जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करते हुए शासन को भेज दिया गया है। वहां से अनुमति के बाद भारत सरकार को जाएगा और गजट का प्रकाशन होगा।
-
इस परियोजना के लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही निर्माण शुरू होगा। इस सड़क के निर्माण से पडरौना शहर को जाम से निजात मिलेगी और शहर का विस्तार होगा। -विजय कुमार दूबे,सांसद कुशीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें