मार्ग दुर्घटना में पडरौना नगर निवासी पंकज की मौत पर विलाप करते उनके माता पिता।
- फोटो : KUSHINAGAR
कुशीनगर : दो सड़क हादसों में चार युवकों की मौत, दो गंभीर
कसया। बुधवार देर रात कसया थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार युवकों की मौत हो गई जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है। बाइक चालकों ने हेलमेट नहीं पहना था। मरने वाले दो युवक पडरौना शहर के निवासी है। जबकि दो युवक कसया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पहली घटना बुधवार की रात करीब 11 बजे कसया-देवरिया मार्ग पर कसया दीवानी न्यायालय के समीप हुई। पंकज मद्धेशिया (24) पुत्र छट्ठू मद्धेशिया व किशन मद्धेशिया (18) पुत्र राजू मद्धेशिया निवासी शिवाला चौक पडरौना तथा रितेश शाह (18) निवासी कन्नौजिया वार्ड पडरौना बाइक से देवरिया जिले के गढ़रामपुर बरात में जा रहे थे। कसया-देवरिया मार्ग पर दीवानी न्यायालय के पास बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। पंकज की मौके पर ही मौत हो गई जबकि किशन की मौत मेडिकल कालेज ले जाते समय रास्ते में हो गई। रितेश का इलाज मेडिकल कालेज में चल रहा है। हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
दूसरी घटना भी कसया थाना क्षेत्र के गांव पिपराझाम में बुधवार की रात के लगभग 12 बजे की है। एक बाइक पर सवार तीन युवक कुशीनगर की ओर आ रहे थे। रास्ते में पुल के समीप मुड़ते समय बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकराई और तीनों युवक गड्ढे में गिर गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी कसया पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने कसया थाना क्षेत्र के गांव दुर्गवलिया निवासी 25 वर्षीय कुंदन को मृत घोषित कर दिया। इसी गांव के 25 वर्षीय भूलन व खुशीपट्टी गांव निवासी 18 वर्षीय विकास गौड़ को चिकित्सकों ने चिंताजनक हालत देख गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। घायल विकास को गोरखपुर मेडिकल कालेज से पीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को विकास की भी मौत हो गई। इस हादसे में घायल भूलन भी गोरखपुर मेडिकल कालेज में जीवन व मौत से जूझ रहा है।
इस संबंध में एसओ कसया ज्ञानेंद्र कुमार राय का कहना है कि सड़क हादसे में मृत दो युवकों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अन्य दो युवकों की मौत इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में हुई है। अभी उनके घरवालों की तरफ से सूचना नहीं दी गई है।