कनौरा गांव में तैनात पुलिसकर्मी। संवाद
फाजिलनगर/जौरा बाजार। पुलिस और तहसील प्रशासन की लापरवाही से ढाई कट्ठे जमीन के लिए रवि की जान चली गई। युवक की हत्या व बवाल के बाद राजस्वकर्मियों ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम को भेज दिया और पुलिस भी जमीन की जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें घटना के दिन अजय यादव मारपीट में घायल हो गया था। इसका इलाज पुलिस कस्टडी में मेडिकल कॉलेज कुशीनगर में चल रहा है। गांव में तीसरे दिन भी तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात रही। गांव में पहुंची पुलिस ने आरोपी अजय के दरवाजे से दो बाइक कब्जे में लिया, जो घटना के दिन से खड़ी थी। बाकी घर की महिलाएं व युवतियां घर छोड़कर फरार हैं। चौराखास थाना क्षेत्र के कनौरा गांव में शनिवार को दोपहर में विवादित जमीन पर कब्जे को लेकर बवाल हो गया। इसमें रवि यादव की ट्रैक्टर से कुचलकर विवादित खेत में हत्या कर दी गई। इसमें पुलिस ने नौ नामजद समेत 10 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया है। करीब दो साल पूर्व अजय यादव मृतक रवि यादव की दादी से ढाई कट्ठे जमीन बैनामा कराया था, लेकिन जमीन पर अजय यादव का कब्जा नहीं था, रवि यादव पक्ष के लोगों का जमीन पर कब्जा था। इसके लिए आरोपी अजय यादव थाने से लेकर तहसील के अफसरों तक चक्कर लगाया था, लेकिन बैनामा की जमीन पर खतौनी में नाम दर्ज होने के बाद भी कब्जा नहीं हो रहा था।
पुलिस की ओर से की गई जांच में पता चला कि रवि यादव पक्ष के लोगों ने जमीन बैनामा कराने को लेकर मुकदमा दीवानी कोर्ट में दाखिल किया था, लेकिन सोमवार को दरवाजे पर मौजूद रवि के बड़े भाई संतोष यादव ने बताया कि जमीन बैनामा होने की जानकारी होने के बाद दीवानी कोर्ट में मुकदमा दाखिल करने के लिए गए थे, लेकिन मुकदमा कोर्ट में स्वीकार नहीं हो सका। इस लिए किसी न्यायालय में कोई मुकदमा नहीं चल रहा था। संपूर्ण समाधान दिवस व थाना दिवस में भी अजय ने जमीन पर कब्जा दिलाने के लिए शिकायत की थी, लेकिन कोई सहयोग जिम्मेदारों की ओर से नहीं मिल सका था।
घटना के दिन अजय यादव के सिर में गंभीर चोट लगा था,जिसका इलाज पुलिस कस्टडी में मेडिकल कॉलेज कुशीनगर में चल रहा है। रवि की हत्या में शामिल फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस देवरिया और बिहार के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। तमकुहीराज सीओ राकेश सिंह ने बताया कि आरोपी अजय यादव, संजय, रोहित ट्रैक्टर चालक व कैफ समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। तीन आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। अजय का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। घटना के दिन मारपीट में इसके सिर में चोट लगी है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने विवेचना के क्रम में नक्शा बनाया और लोगों का बयान दर्ज किया।
सपा प्रतिनिधिमंडल ने किया दौरा : जौरा बाजार। कनौरा गांव का सोमवार को सपा जिलाध्यक्ष पूर्व एमएलसी रामअवध यादव के नेतृत्व में सपा का एक प्रतिनिधि मंडल परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सपा नेता रामअवध यादव ने कहा कि पुलिस चाहती तो रवि की जान नहीं जाती।