संवाद न्यूज एजेंसी
मंसाछापर (कुशीनगर)। बिहार के पश्चिमी चंपारण के दहवा गांव में पशु तस्कर के घर वारंट तामील कराने गई कप्तानगंज और धनहा पुलिस पर हमले के मामले में चार आरोपियों को शुक्रवार देर रात पुलिस टीम ने दबोच लिया। करीब एक घंटे की घेराबंदी के बाद पुलिस टीम ने नोनिया पट्टी और छावनी से चारों को पकड़ा। इस दौरान मोहल्ले में अफरातफरी मची रही। वहीं पुलिस ने इस मामले में 21 पशु तस्करों पर केस दर्ज किया है।
धनहा थाना क्षेत्र के दहवा गांव में शुक्रवार को पशु तस्कर रुस्तम अंसारी को वारंट तामील कराने कप्तानगंज की पुलिस गई थी। साथ में धनहा थाने की पुलिस भी थी। इस दौरान पुलिस को घेरकर पशु तस्करों ने हमला कर दिया। इसमें धनहा थाने के दरोगा प्रमोद कुमार को गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद गांव छोड़कर आरोपी भाग गए। धनहा पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की और पडरौना कोतवाली में रात करीब 12 बजे चार थानों की पुलिस पहुंची। कोतवाली पुलिस की मदद से टीम नोनिया पट्टी गई। अचानक भारी संख्या में पुलिस देख मोहल्ले के लोग घबरा गए। पुलिस ने यहां छिपे आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद छावनी में दबिश दी गई। कुल चार आरोपियों को पुलिस देर रात लेकर चली गई। पश्चिमी चंपारण जिले के पिपरासी थानाध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि धनहा के दहवा में हुए बवाल में शामिल चार आरोपी पडरौना शहर के दो मोहल्लों में छिपे थे। दबिश देकर हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दरोगा से लूटी गई रिवाॅल्वर बरामद
कुशीनगर। बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के दहवा गांव में फरार पशु तस्कर के घर वारंट तामील कराने के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला करने के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। धनहा पुलिस के साथ पहुंची कप्तानगंज पुलिस को घेरकर पशु तस्करों ने हमला कर दिया था। मौके से जान बचाकर कप्तानगंज की पुलिस भाग निकली, जबकि धनहा के डायल 112 के दरोगा प्रमोद कुमार की बेरहमी से पिटाई कर रिवाल्वर व मोबाइल पशु तस्करों ने लूट लिया था। इस मामले में धनहा पुलिस ने 21 पशु तस्करों पर केस दर्ज किया है। वहीं गांव से लूटी गई दरोगा की रिवाल्वर व मोबाइल बरामद कर लिया है। घायल दरोगा का इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा है।
जमानत पर रिहा होने के बाद से फरार है रुस्तम
कप्तानगंज पुलिस ने पिछले साल 11 गोवंश के साथ पश्चिमी चंपारण जिले के धनहा थाना क्षेत्र के दहवा गांव निवासी रूस्तम अंसारी को गिरफ्तार किया था। जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद रूस्तम अंसारी फरार चल रहा था। कोर्ट से जारी हुए गिरफ्तारी वारंट को कप्तानगंज कस्बा चौकी इंचार्ज सौरभ द्विवेदी, चंदन और मंजेश बृहस्पतिवार को दोपहर धनहा थाने पर पहुंचे। वहां प्रार्थना पत्र देकर फोर्स की मांग की। डॉयल 122 पर तैनात दरोगा प्रमोद कुमार के साथ टीम शाम करीब सात बजे दहवा गांव में रूस्तम अंसारी के घर पहुंची। नोटिस रिसीव करने से दरवाजे पर बैठे रुस्तम ने मना कर दिया। पुलिस ने रूस्तम को हिरासत में लेने का प्रयास किया। यह देख घर की महिलाएं व गांव के अन्य युवक उसके बुलाने पर पहुंचे और पुलिस टीम को घेरकर पिटाई करने लगे। इसमें हल्की चोटें कप्तानगंज के पुलिसकर्मियों को आईं। हमलावरों ने दरोगा प्रमोद कुमार का रिवाल्वर और मोबाइल लूट लिया था।