पडरौना। रामकोला के भटवलिया बनकट स्थित पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय में शुक्रवार को पुरातन छात्र सम्मेलन का आयोजन हुआ। छात्रों ने विज्ञान, पर्यावरण सहित अपनी विभिन्न प्रकार की प्रदर्शनी दिखाकर लोगों का मन मोह लिया। वहीं, पुरातन छात्रों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि रामकोला के विधायक विनय प्रकाश गौंड़ एवं विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. रामजियावन मौर्य व जिला समंवयक सतेंद्र मौर्य ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
छात्रों ने टीएलएम तथा विज्ञान प्रदर्शनी को अपने अपने काउंटर पर सजाया था, जिसका अतिथियों ने अवलोकन कर सराहना की। राज्य पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक सुनील सिंह ने छात्रों को प्रेरणाप्रद जानकारियां दीं। विधायक ने बच्चों को खूब मन लगाकर पढ़ने तथा संस्कारवान बनने की बात कही। उन्होंने विद्यालय के उत्थान के लिए हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान पीएमश्री उत्सव, विज्ञान प्रदर्शनी, बाल मेला, अभिभावक-अध्यापक गोष्ठी व छात्र सम्मेलन हुआ। कार्यक्रम का संचालन राज्य पुरस्कार प्राप्त प्रधानाध्यापक सूर्य प्रताप ने किया। अंत में वरिष्ठ एआरपी दिनेश कुमार चौबे द्वारा आभार ज्ञापन किया गया। इस दौरान राजकुमार सिंह, श्रीकांत यादव, अमित श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद थे।