कोर्ट के आदेश पर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
समउर बाजार/पटहेरवा। स्थानीय थाना क्षेत्र के गगलवा चैन पट्टी निवासी एक व्यक्ति ने गांव के ही एक व्यक्ति 1,56,97,000 रुपये हड़प लेने का आरोप लगाया है। रुपये लेने के बाद आरोपी न तो मकान बैनामा किया न ही रुपये ही वापस किया। पैसा मांगने पर जानमाल की धमकी दे रहा है। पीड़ित इसको लेकर थाने का चक्कर लगाने के बाद कोर्ट की शरण में गया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी मकान स्वामी सहित दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच में जुटी है।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के गगलवा चैन पट्टी निवासी सफी आलम ने न्यायिक मजिस्ट्रेट कसया में वाद दाखिल कर बताया था कि वह गुवाहाटी में व्यवसाय करता है। उसको कसया में जमीन खरीदना था। गांव के ही नसीर अहमद ने कसया नगर पालिका परिषद वार्ड आठ निवासी कौसर से मुलाकात करवाया। उसे एक जगह जमीन और एक जगह मकान बेचने की बात हुई। जमीन की कीमत 39 लाख तय हुआ जो देकर लिखवा लिया गया। पीड़ित ने न्यायालय में दाखिल बाद में बताया है कि मकान वाले जमीन की कीमत 1,60,00,000 रुपये तय हुआ। जिसमें पीड़ित के पुत्र अब्दुल कादिर ने मोनू इंटर प्राइजेज के खाते से 23 जून 2021 को आरोपी के खाते में 16 लाख रुपये, 24 जून को 14 लाख, 28 जून को 15 लाख रुपये भेजा। कई बार में नकद 20 लाख रुपये दिया। 25 दिसंबर को मकान बैनामा करने की बात तय हुई लेकिन बैनामा नहीं किया।
25 दिसंबर को आरोपी से संपर्क किया गया तो वह आनाकानी करने लगा। काफी प्रयास के बाद भी आरोपी अभी तक न तो मकान का बैनामा किया न ही रुपये वापस किया। उसने बैनामा कराने के लिए बुलाया लेकिन जाने के बाद वह नहीं आया और हीलाहवाली करता रहा।
इसको लेकर पटहेरवा थाने पर शिकायत किया गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़ित हार थक पुलिस अधीक्षक कुशीनगर से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायलय में वाद दाखिल किया। न्यायालय के आदेश पर पटहेरवा पुलिस ने आरोपी कौसर और नसीर के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी की धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।