दुदही। ठाढीभार के प्रधान जयप्रकाश यादव पर वन विभाग की लकड़ी कटवाकर जमीन में छिपाने के आरोप की मंगलवार को जांच पूरी हो गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी से जमीन की खोदाई कराई गई लेकिन वन विभाग की लकड़ी नहीं मिली। खोदाई के दौरान फावड़ा बरामद हुआ। इसके साथ ही मामले का पटाक्षेप हो गया।
कुछ दिन पहले ठाढीभार गांव के एक व्यक्ति ने डीएफओ वरुण सिंह को फोन कर शिकायत की थी कि ग्राम प्रधान जयप्रकाश यादव ने वन विभाग की करीब छह ट्रॉली लकड़ी चोरी से कटवाकर जमीन के नीचे छिपा दी है। डीएफओ ने वन सीओ तमकुहीराज को वनकर्मियों के साथ प्रधान के घर भेजकर लकड़ी बरामद करने का निर्देश दिया था। टीम ने जांच की लेकिन लकड़ी नहीं मिली। प्रधान ने उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए अपने शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्महत्या की कोशिश की थी। विशुनपुरा पुलिस ने उन्हें बचाया था। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। वहीं, शिकायतकर्ता ने भी मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया था।
मंगलवार को एसडीएम तमकुहीराज कुणाल गौरव, वन विभाग के रेंजर रणविजय सिंह, नायब तहसीलदार दुदही राजेश भारती और विशुनपुरा थानाध्यक्ष शनि जावला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन की मौजूदगी में जमीन की दोबारा खोदाई के बाद भी लकड़ी नहीं मिलने से आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी। एसडीएम कुणाल गौरव नेे बताया कि शिकायत पर टीम गई थी लेकिन खोदाई में जमीन में लकड़ी नहीं मिली।