फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निशांत हत्याकांड: कुशीनगर में युवक की हत्या के बाद तनाव, साढ़े चार घंटे बाद चौराहे से हटाया गया शव

Thu, 01 Jan 2026 04:11 PM IST
रोहित सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर

सार

निशांत खेत के लिए खाद लेने जा रहा था और उसके साथ कुंदन और  विशाल थे। बीच-बचाव करने के दौरान निशांत पर गले और पेट पर कई बार चाकू से वार किया गया। मृतक अपने माता-पिता की इकलौता संतान था और 12वीं की पढ़ाई के बाद सेना व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। पिता खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
विज्ञापन
सड़क पर शव रखकर घेराव किया गया - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की एक घटना में 22 वर्षीय युवक की मौत के बाद इलाके में तनाव व्याप्त हो गया। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने शव का पोस्टमार्टम होकर आने पर अंतिम संस्कार करने से इनकार करते हुए नैका छपरा चौराहे पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया।

विज्ञापन


प्रदर्शन के कारण मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। लोग आरोपियों के घर पर बुलडोजर और एनकाउंटर की मांग करने लगे।  यह घटना बुधवार को कसया थाना क्षेत्र के जुड़वनिया गांव के पास हुई, जहां 22 वर्षीय निशांत सिंह पुत्र संतोष सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। 

बताया जा रहा है कि निशांत अपने गांव के दो दोस्तों के साथ बाइक से कसया जा रहा था। गांव से करीब एक किलोमीटर आगे पहुंचते ही रास्ते में पहले से मौजूद दो युवकों ने बाइक रोक ली और कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने निशांत पर चाकू से हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल निशांत को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार निशांत खेत के लिए खाद लेने जा रहा था और उसके साथ कुंदन और  विशाल थे। बीच-बचाव करने के दौरान निशांत पर गले और पेट पर कई बार चाकू से वार किया गया।

मृतक अपने माता-पिता की इकलौता संतान था और 12वीं की पढ़ाई के बाद सेना व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। पिता खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही दोनों गांवों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने नैका छपरा चौराहे पर शव रखकर करीब साढ़े चार घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।

हालात को देखते हुए मौके पर एडीएम विभव मिश्र, एडिशनल  सिद्धार्थ वर्मा समेत कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई। पीएसी की एक यूनिट भी एहतियातन मौके पर मौजूद रही। प्रशासन द्वारा लगातार समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने करीब साढ़े चार घंटे बाद शव को चौराहे से हटवाकर परिजनों के घर भिजवाया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मृतक और आरोपी पक्ष के गांवों में भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
विज्ञापन

पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी नौशाद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। कुशीनगर सांसद विजय दुबे ने सोशल मीडिया के माध्यम से घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई है और जनपद की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस-प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। शव मृतक के घर पहुंच गया हैं। अंतिम संस्कार करने की तैयारी की जा रही हैं। 


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें