सांसद और विधायकों ने दियारा क्षेत्र के गांवों में पहुंचकर बांटी राहत सामग्री
खड्डा। गंडक नदी में आई बाढ़ से प्रभावित दियारा क्षेत्र के गांवों में पानी उतरने के बाद भी ग्रामीणों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। बुधवार को कुशीनगर सांसद विजय कुमार दुबे और जिले के विधायकों ने प्रभावित गांवों का दौरा कर करीब 2265 परिवारों से मुलाकात की और राहत सामग्री वितरित की।
बाढ़ से मरचहवा, बसंतपुर, शिवपुर, हरिहरपुर और नारायनपुर गांव प्रभावित हुए थे। जनप्रतिनिधियों ने शिवपुर, हरिहरपुर, नारायनपुर और मरचहवा पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की। लोगों ने खराब पड़ी सोलर लाइटों, क्षतिग्रस्त मकानों, फसलों के नुकसान समेत अन्य समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
इस दौरान खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय, पडरौना विधायक मनीष जायसवाल, हाटा विधायक मोहन वर्मा, रामकोला विधायक विनय प्रकाश गौड़, एसडीएम डॉ. संतराज सिंह, सीओ अजय श्रीवास्तव, तहसीलदार महेश कुमार आदि मौजूद रहे।