खड्डा। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में पांच वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म का आरोप है। बच्ची की तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उसे रात में ही अस्पताल लेकर पहुंचे। उसका इलाज चल रहा है। बच्ची की मां ने आरोपी अधेड़ के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बच्ची की मां ने तहरीर में बताया कि रविवार रात करीब आठ बजे बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान करीब 50 वर्षीय अधेड़ उसे बहला-फुसलाकर गांव के बाहर सुनसान झोपड़ी में ले गया। वहां उसके साथ जबरदस्ती की गई। बच्ची रोते-चिल्लाते घर पहुंची और मां को घटना की जानकारी दी। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल कुशीनगर मेडिकल कॉलेज ले गए।
आरोपी अविवाहित बताया जा रहा है। वह भैंस चराता है। सूचना मिलने के बाद हनुमानगंज पुलिस गांव पहुंची और कथित घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस संबंध में हनुमानगंज के प्रभारी निरीक्षक डीएन राय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल का निरीक्षण भी किया गया है। तहरीर और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।