दो बहनों का इकलौता भाई था प्रियांशु, बेटे का शव देख बिलख पड़े परिजन
तरयासुजान खास में मंगलवार शाम की घटना, घर के बाहर खेलते समय गहरे गड्ढे में चला गया था मासूम
तरयासुजान। तरयासुजान खास में मंगलवार शाम घर के बाहर खेलते समय पांच वर्षीय मासूम की पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। देर रात ग्रामीणों को गड्ढे में शव बरामद हुआ। बेटे की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। दो बहनों के इकलौते भाई की मौत से गांव में भी मातम पसरा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
तरयासुजान खास निवासी वीरेंद्र खरवार मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और सबसे छोटा पांच वर्षीय बेटा प्रियांशु था। मूकबधिर प्रियांशु परिवार का इकलौता बेटा था और सभी का लाडला था। मंगलवार शाम करीब चार बजे प्रियांशु घर के बाहर खेल रहा था। उसकी मां और अन्य परिजन घर के दूसरे कार्यों में व्यस्त हो गए।
इसी दौरान वह खेलते-खेलते कुछ दूर चला गया। घर से करीब 250 मीटर की दूरी पर रेलवे की जमीन पर मिट्टी की खुदाई के कारण गहरा गड्ढा बना हुआ था। गड्ढे में बारिश का पानी भरा था। किसी कारण से मासूम पानी में चला गया और डूब गया। काफी देर तक प्रियांशु के घर नहीं लौटने पर परिजन को चिंता हुई। उन्होंने आसपास उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीण भी खोजबीन में जुट गए। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला।
रात में करीब 11 बजे गड्ढे के पास अनहोनी की आशंका होने पर गांव के कुछ युवकों ने पानी में उतरकर तलाश की। इस दौरान प्रियांशु का शव मिला। बेटे का शव देखते ही मां और दोनों बहनें चीख-पुकार करने लगीं। पिता वीरेंद्र बदहवास हो गए। घटना के बाद से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
केस एक
बीते 9 मई 2026 को कसया थाना क्षेत्र के मैनपुर गांव के टोला दीनापट्टी में एक ईंट भट्ठे पर गड्ढे में डूबकर तीन मासूमों की मौत हो गई। दीनापट्टी में पंकज ईंट उद्योग पर छत्तीसगढ़ के मजदूर परिवार जीविकोपार्जन करते थे। खेलने के दौरान उनके बच्चे अभय पटेल (3) पुत्र पंचु पटेल व अनुष्का (ढाई साल), अनन्या (7) पानी भरे गड्ढे के पास पहुंचे और डूब गए।
केस दो
बीते 23 अप्रैल 2026 को सेवरही थाना क्षेत्र के धुरियाकोट गांव में बृहस्पतिवार को सुबह मोबाइल पर बात में व्यस्त मां की चूक से एक साल के मासूम की गड्ढे में डूबकर मौत हो गई। चक्करबाग टोला निवासी प्रेमसागर गौड़ की पत्नी सुबह करीब आठ बजे अपने एक वर्षीय बच्चे को गोद में खेला रही थी। इसी दौरान मोबाइल फोन पर कॉल आने पर बच्चे को नीचे उतार दिया और बातचीत में व्यस्त हो गई। उधर, मासूम घुटनों के बल बाहर निकल गया और दरवाजे पर पानी निकासी के लिए खोदे गए गड्ढे में गिर गया।