पडरौना। पुलिस ने पांच बदमाशों को को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से डेढ़ लाख रुपये और 14 लाख के चोरी का सामान बरामद किया गया है। ये बदमाश देवरिया और कुशीनगर के रहने वाले हैं और दोनों जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
हाटा कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को एक जिले में सक्रिय शातिर चोरों के गैंग का भंडाफोड़ किया। जिले में हुई 40 से अधिक चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश पुलिस ने किया है। चोरों का यह गिरोह कुशीनगर जिले के कप्तानगंज और हाटा कोतवाली के अलावा देवरिया जिले में भी चोरी की घटना को अंजाम दे रहा था। एएसपी दक्षिणी अभिनव त्यागी ने बताया कि आरोपी देवरिया जिले के महुआडीह थाना क्षेत्र के कोटवां बसावन गांव निवासी संदीप कुशवाहा, मुंडेरा चंद्र गांव निवासी संतोष कुमार शर्मा,नौतनडीहा गांव निवासी अजीत कुमार यादव, मोहन पट्टी नौतन हथियागढ़ गांव निवासी सुजीत कुमार पासवान ओर हाटा कोतवाली क्षेत्र के सुकरौली नगर के करन कुमार भारती को पुलिस टीम ने शुक्रवार को दबोचा। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का दो लैपटॉप,सोने और चांदी का जेवर, दो मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड, दो बाइक व चोरी करने का हथियार बरामद किया गया है। इन बदमाशों पर 41 केस दोनों जिलों के थानों में दर्ज है। संदीप कुशवाहा पर सर्वाधिक केस 17 दर्ज है, जिसे पुलिस गैंग का सरगना बता रही है। अन्य चारों आरोपियों पर छह-छह केस दर्ज है। पुलिस ने चोरों को कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ढाला के पास से गिरफ्तार करने का दावा किया है। चोरी का बरामद सामान की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी दुकानों को चोरी का निशाना बनाते थे और दोनों जिलों में गैंग की सक्रियता रही।