कुशीनगर। पर्यटन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना में कुशीनगर जिले के पांच मंदिरों व एक पौराणिक स्थल बांसी घाट के पर्यटन विकास के लिए चयनित कर लिया है। इन स्थलों पर आधारभूत विकास का कार्य कराकर पर्यटन के नक्शे पर चमकाया जाएगा। कार्ययोजना में शामिल मंदिर और पौराणिक स्थल रामकोला, पडरौना, हाटा और खड्डा विधानसभा क्षेत्र के हैं। यह सांसद विजय कुमार दुबे के प्रयास से संभव हो सका है। इसकी पुष्टि प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बीते 23 जुलाई को पत्र जारी कर सांसद दुबे को अवगत भी कराया है।
कार्ययोजना में रामकोला विधानसभा के ग्राम पंचायत गंभीरपुर गुरु गोरक्ष पीठ में स्थित राम जानकी मंदिर, कुशीनगर विधानसभा के ग्राम सभा मंझरिया के सत्गुडही मंदिर, हाटा विधानसभा के ग्राम पंचायत सिकटिया का प्राचीन श्रीराम जानकी मंदिर, खड्डा विधानसभा का ग्राम पंचायत नकरहवां का हड़हवा मंदिर व यहीं के ग्राम पंचायत मराड़ बिंदवलिया की कोटमाता भुवनेश्वरी मंदिर के अलावा पडरौना विधानसभा के पौराणिक स्थल बांसी घाट का पर्यटन अवस्थापना कार्य किया जाएगा। पर्यटन अवस्थापना कार्य पूरा होने से ये धाार्मिक व पौराणिक स्थल पर्यटन के नक्शे पर चमक उठेंगे।