पडरौना। तरयासुजान पुलिस ने अंतर्जनपदीय वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चोरी की पांच बाइकों को बरामद किया है। चार शातिर लिफ्टर पुलिस के हाथ लगे हैं। बरामद बाइकों की कीमत करीब चार लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार लिफ्टरों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया।
एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि तरयासुजान थाने की पुलिस ने बृहस्पतिवार को बांकखास पुल के पास से चोरी की पांच बाइकों को बरामद करते हुए चार शातिर लिफ्टरों को गिरफ्तार किया है। इन लिफ्टरों की पहचान नागेन्द्र सिंह निवासी ग्राम बभनौली बाबू टोला थाना सेवरही, रोहित चौहान उर्फ गोलू निवासी दोमाठ थाना तरया सुजान, भोला यादव निवासी विरवट कोन्हवलिया थाना तरया सुजान व साहब यादव निवासी भगवानपुर थाना तरया सुजान के रूप में हुई है। इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। बरामद बाइकों को लेकर छानबीन की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसओ आशुतोष सिंह, एसआई मृत्युंजय सिंह, उत्तम सिंह, आलोक कुमार सिंह, कांस्टेबल आदित्य सिंह, सत्येन्द्र कुशवाहा, राहुल यादव शामिल रहे।