दुदही। विशुनपुरा थाना क्षेत्र बड़हरा वृत गांव में बरात में परछावन के दौरान आर्केस्ट्रा में डांस के दौरान फरमाइशी गीत को लेकर विवाद में चाकू से हमले के मामले में पुलिस ने मंगलवार को बड़हरा बुजुर्ज नहर पुल के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तीन नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया है।
शनिवार को विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बड़हरा वृत गांव निवासी इंद्रदेव कुशवाहा के लड़के की बरात जा रही थी। गांव के ही नेटुआ वीर बाबा के स्थान के पास परछावन हो रही थी। गांव का दीपराज कुशवाहा (18) पुत्र कैलाश से आर्केस्ट्रा में नाचने को लेकर गांव के कुछ युवकों से विवाद हो गया।
उस समय लोगों ने समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया। करीब तीन किमी दूरी मठिया माफी में बरात पहुंची। देर रात गांव का अंकित अपने दस से अधिक दोस्तों को लेकर पहुंच गया। आरोप है कि दीपराज की पिटाई करते उसे गन्ने के खेत में खींच ले गए। चाकू से हमला कर जख्मी कर दिया। दीपराज की चीख-पुकार सुनकर बराती पहुंचे तब तक आरोपी भाग निकले थे।
गांव वालों ने एक युवक को पकड़ लिया। घायल दीपराज को दुदही सीएचसी ले जाया गया। वहां चिकित्सक ने हालत गंभीर देख उसे मेडिकल कॉलेज रवींद्रनगर रेफर कर दिया। यहां के चिकित्सकों ने भी उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
वहां दीपराज का इलाज चल रही है। पीड़ित के चाचा प्रमोद कुशवाहा की तहरीर पर आठ नामजद अन्य अज्ञात पर हत्या की कोशिश समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है। बुधवार को पुलिस ने बड़हरा नहर के पुल के पास से मेराज अंसारी और नजरे आलम को गिरफ्तार कर लिया। संवाद