कुशीनगर जिले में नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरावस्था के दौरान एक लड़की से एक युवक ने दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया। उस वीडियो के हवाले ब्लैकमेल कर कई बार दुष्कर्म किया। अब जब वह बालिग हो गई है तो जहां भी उसकी शादी तय हो रही है तो आरोपी फोन कर शादी तोड़वा दे रहा है। युवती व उसकी मां के विरोध करने पर उनकी हत्या कराने सहित विभिन्न प्रकार की धमकियां दे रहा है। पुलिस ने आरोपी पर पॉक्सो, दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़िता की मां ने थाने पहुंचकर शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक से लगायत, पुलिस महानिदेशक, महिला आयोग व मानवाधिकार आयोग सहित मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। न्याय नहीं मिलने पर अपनी जीवनलीला समाप्त कर लेने की चेतावनी दी है।
शिकायती पत्र में नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र की इस महिला ने बताया है कि 25 नवंबर 2016 की शाम जब उसकी बेटी की उम्र 14 वर्ष की थी, वह घर में अकेली थी। उसी समय गांव के दूसरे टोला का एक युवक आया और चाकू दिखाकर उसकी बेटी से दुष्कर्म किया। उसका वीडियो व फोटो बना लिया। घर से जाते समय धमकी दी कि दुष्कर्म की बात कहीं बताई तो किशोरी व उसके पिता की हत्या करा देगा। वीडियो वायरल करने की भी धमकी दी थी।
किशोरी ने डर के मारे कहीं कुछ नहीं बताया। किशोरी जब अपने घर पर अकेली रहती तो वह आ जाता था। उससे मनमानी करता था। पीड़िता की मां ने बताया कि 18 मार्च 2019 की शाम को उसकी बेटी गांव के बाहर टहलने गई थी। उसी समय आरोपी एक अज्ञात युवक के साथ आकर उसकी बेटी को बाइक पर जबरन बैठाकर ले गया। दो दिन तक उससे दोनों युवकों ने मनमानी की और दूसरे दिन बेहोशी की हालत में शाम को दरवाजे पर उतारकर भाग गए। जब उसकी बेटी होश में आई तो उसने सारी आपबीती बताई। घर के सदस्य यह सुनकर दंग रह गए।
26 जनवरी 2023 को दोपहर के समय युवक उसके घर पहुंच गया और वीडियो दिखाकर उससे दुष्कर्म किया। अब किशोरी की उम्र 21 वर्ष हो गई। उसकी शादी जहां तय हो रही है, वहां युवक फोन कर शादी कटवा दे रहा है। पीड़िता जब युवक के परिजनों से शिकायत कर रही है तो उनकी ओर से विभिन्न प्रकार की धमकी दी जा रही है।
पीड़िता अपनी मां के साथ पांच जून को थाने में पहुंची थी। पुलिस को शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई का मांग की गई। चार दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता की मां ने बताया कि यदि उसे न्याय नहीं मिलता है तो वह अपनी जीवनलीला समाप्त कर लेगी, जिसकी सारी जिम्मेदारी पुलिस की होगी।
तहरीर मिली है। युवक विदेश में है। उसके परिवार के अन्य लोग भी बाहर हैं। अन्य पूछताछ में सामने आया है कि युवक की बहन की शादी युवती के गांव में हुई है। युवक ने अपने फोनपे से युवती के घरवालों को 1.60 लाख रुपये दिया है। रुपये वापस मांगने पर यह लोग दुष्कर्म का आरोप लगा रहे हैं। आरोपी पर पॉक्सो, दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मुकदमा दर्ज किया गया है।
-अतुल कुमार श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष, नेबुआ नौरंगिया।